






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देश में स्काउट एवं गाइड की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर तमिलनाडु के त्रिचि में सात दिवसीय विशेष डायमंड जुबली जंबूरी का आयोजन 28 जनवरी से 3 फरवरी तक किया गया। अंर्तराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के सभी राज्यों एवं विदेश से भी स्काउटस व गाइड शामिल हुए। राजस्थान के दल में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव ऊपनी स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल के 18 स्काउट एवं गाइड शामिल हुए। आयोजन के दौरान क्षेत्र का स्काउटस एवं गाइडस ने बीकानेर की स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। संभागियों ने बीकानेर जिले की खानपान, परंपरागत वेशभूषा एवं करणी माता मंदिर की झांकी प्रदर्शन के माध्यम से सांस्कृतिक छवि का प्रदर्शन भारत एवं सात अन्य देशों से आए हुए स्काउट गाइड के समक्ष किया गया। राजस्थान दल के उत्कर्ष प्रदर्शन के लिए नेशनल चीफ कमिश्नर शील्ड एवं स्काउट एवं गाइड में सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ । प्रधानाचार्य योगेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को स्काउट के इस सबसे बड़े आयोजन में भाग लेकर विद्यालय लौटने पर दल में शामिल स्काउट पवन कलवानियाँ, कैलाश बाना, रूद्र, अरविंद हरडू, अनुराग, परमेश्वर, अंकित, रणन्जय सिंह, गाइड यशोदा, ममता गोदारा, प्रतिभा हरडु, गंगा हरडु, खुशबु बिश्नोई, रविना, राधा गोदारा, रक्षिता एवं दल प्रभारी ने अध्यापक सोनू कलवानियाँ, कांता कुमारी का विद्यालय में अभिनंदन किया गया। विद्यालय स्टाफॅ एवं अभिभावकों ने दल में शामिल स्काउट, गाइड को बधाई दी।




