May 21, 2026
0000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में इस बार रिकार्ड 12020 किसानों ने अपनी मूंगफली सरकारी सर्मथन मूल्य पर तौलने के लिए अपना पंजीयन करवाया था। लेकिन धीमी चली तुलवाई के कारण पूर्व निर्धारित खरीद की 90 दिनों की समय सीमा में सभी किसानों की माल तुलवाई होना संभव नहीं लग रहा था एवं और इस कारण क्षेत्र के वंचित रहे किसानों में रोष फैल रहा था। ऐसे में मंगलवार शाम को मूंगफली की तुलवाई 90 दिनों में ही करने के आदेशों को संशोधित करते हुए 100 दिनों तक चलाने का निर्णय लिया गया है। इस संबध में केन्द्र सरकार के कृषि एवं किसान मंत्रालय द्वारा मंगलवार को विस्तारित खरीद अवधि के लिए आदेश जारी कर दिए गए है। विदित रहे कि खरीफ की फसल के लिए सरकारी सर्मथन मूल्य पर खरीद गत 18 नवम्बर 2024 को शुरू हुई थी एवं 18 फरवरी 2025 को खरीद बंद होनी थी। लेकिन अब खरीद अवधि दस दिन और बढ़ा देने से यह खरीद 28 फरवरी तक चल सकेगी एवं वंचित रहे किसानों का नम्बर भी आ पाएगा।
यह है श्रीडूंगरगढ़ के किसानों की फैक्ट-फाईल, नहीं रहेगें वंचित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में इस बार अभी तक की खरीद के सर्वाधिक किसानों ने पंजीयन करवाया था। बाजार भाव एवं सर्मथन मूल्य के भावों के बीच के अंतर के कारण कोई भी किसान इससे वंचित नहीं रहना चाह रहा एवं प्रत्येक किसान को औसतन एक लाख रुपए का अतिरिक्त लाभ इस खरीद पर मिल रहा है। पूरे जिले में सर्वाधिक पंजीयन भी श्रीडूंगरगढ़ के किसानों का ही है एवं इस संख्या को देखते हुए यहां खरीद केन्द्र भी एक से बढ़ाकर दो स्थापित कर दिए गए। फिर भी पूर्व निर्धारित समय सीमा के अनुसार यहां अधिकतक 7500 किसानों के ही टोकन तुल पाते एवं करीब 4500 किसान खरीद से वंचित रह जाते। ऐसे में अब अनुमान लगाया जा रहा है कि इस सप्ताह के अंत तक 7500 किसानों की तुलवाई हो जाएगी एवं बाकी बचे किसानों के टोकनों की तुलवाई प्रति सेंटर प्रतिदिन 200 भी की गई तो बढ़ाई गई समय अवधी में बाकी बचे सभी किसानों के टोकन तुल सकेगें। खरीद अवधि बढ़ने के बाद क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है।