






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 फरवरी 2025। सिद्ध समाज के युवाओं में आपसी सम्पर्क, सद्भाव एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास करवाने के लक्ष्य से सिद्ध युवा महासभा संस्था द्वारा श्रीदेव जसनाथजी शूटिंग वॉलीवाल प्रतियोगिता का तीसरा सीजन शनिवार से शुरू होगा। महासभा अध्यक्ष भगवाननाथ कलवाणियां ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता का आयोजन स्थल आडसर बास स्थित क्षेत्र के प्रसिद्ध खेल मैदान हनुमान क्लब में रखा गया है एवं शनिवार एवं रविवार को समाज के युवा खिलाडियों के रोमांचक मुकाबले डे और नाईट दोनो शिफ्टों में होंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह प्रबुद्धजनों के आतिथ्य में क्लब प्रांगण में दोपहर 12 बजे होगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महासभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पूरे राज्य से बीकानेर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर सहित विभिन्न जिलों से समाज के युवाओं की 28 टीमें भाग ले रही है एवं नॉक आउट आधार पर दो दिनों में विजेता का नाम सामने आ जाएगा। इन टीमों के माध्यम से समाज के प्रसिद्ध नेशनल लेवल प्लेयर भी खेलेगें एवं आयोजन के दौरान समाज के विशिष्ट जन भी युवाओं का हौंसला बढ़ाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेगें। आयोजन के लिए ग्रांउड को सजाया गया है एवं सभी खिलाडियों के रहने, खाने की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विदित रहे कि भव्यता के साथ आयोजित होने वाली इस सामाजिक खेल प्रतियोगिता में विजेता को 21 हजार, उपविजेता को 11 हजार व तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 7100 रुपए नकद एवं आकर्षक ट्रॉफियां दी जाएगी। भाग लेने वाले सभी खिलाडियों को टी-शर्ट दी जाएगी एवं बेस्ट प्लेयर, बेस्ट नेटर का अवार्ड भी दिया जाएगा।





