






बादनूं की धापू सहायक आचार्य में चयनित, मिली बधाइयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बादनूं निवासी धापू भूकर ने सहायक आचार्य हिंदी परीक्षा 2024 में सफलता हासिल कर गांव की बेटियों को प्रेरणीय मार्ग दिखाया है। धापू ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को दिया है। धापू के कन्या महाविद्यालय झालावाड़ में सहायक आचार्य हिंदी पद पर नियुक्ति पर सरपंच रामप्यारी देवी, प्रधानाचार्य हेमलता चौधरी, व्याख्याता ओमप्रकाश आजाद, व्याख्याता देवीलाल इंदलिया, व्याख्याता काशीराम कुमावत, परमेश्वर भूकर ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। सरपंच रामप्यारी ने कहा कि धापू ने पूर्व में पटवारी -2014, वरिष्ठ अध्यापक हिन्दी -2014, स्कूल व्याख्याता इतिहास -2016 में चयन हासिल किया व अब चौथी उपलब्धी के रूप में आरपीएससी द्वारा आयोजित सहायक आचार्य हिंदी परीक्षा 2024 में चयन प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि धापू ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियां किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती है।

सुरभी ने सीए परीक्षा में 43वां स्थान प्राप्त किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सोमवार, सुबह 11 बजे के बाद सीए इंटर और फाउंडेशन जनवरी 2025 रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कस्बे के आड़सर बास निवासी व जयपुर प्रवासी सुलोचना कांताप्रसाद लखोटिया की पुत्री सुरभी लखोटिया ने 454 नबंरों के साथ 43वां रैंक हासिल किया है। सुरभी की इस सफलता पर उनके परिवार व जानकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी।

खेत की बाड़ में लगी आग, पहुंची दमकल, पाया काबू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेशनल हाइवे पर घुमचक्कर से बीकानेर की ओर एक खेत की बाड़ में अचानक आग लग गई। यहां लपटें उठती देख एक जागरूक नागरिक ने तुरंत नगरपालिका दमकल को फोन कर दिया जिससे दमकलकर्मियों ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाड़ से बाड़ तक आग आगे फैल सकती थी, परंतु दमकल ने आग को फैलने से रोकते हुए तुरंत बूझा दिया। मौके पर लोगों ने राहत की सांस ली।

गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से मोहल्लेवासी परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के मोमासर बास के वार्ड 8 में गत दो दिन से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से मोहल्लेवासी खासे परेशान हो रहें है। वार्ड के युवा मनीष स्वामी ने बताया कि दो दिन से पीने के पानी की सप्लाई में बदबू व झाग वाला पानी नलों से आ रहा है। महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए दूषित पानी से बच्चों के पेट में दर्द संबंधी शिकायत होने की बात कही। वार्डवासियों ने बताया कि पेयजल के परेशान हो रहें है और विभाग शीघ्र समस्या का समाधान करें। गंदे पानी से बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।

समंदसर में श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव समंदसर में भोमिया जी महाराज के मंदिर पर श्रीरामचरितमानस पाठ के सातवें वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन सोमवार को शुरू हुआ और मंगलवार को हवन व कन्या भोज के साथ कार्यक्रम पूर्ण हुआ। आयोजन समंदसर गांव के सभी सारस्वत परिवारों द्वारा सामूहिक रूप से करवाया गया। वहीं गांव के सैंकड़ो श्रद्धालुओं ने इसमें भागीदारी निभाई व भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। पंडित पवन सारस्वत ने विधि विधान से पूजन संपन्न करवाया। कार्यक्रम में डूंगरराम शर्मा, भंवरलाल शर्मा, लिछुराम तर्ड, किशनदास, नौरताराम, प्रहलादराम, गौरीशंकर, मालाराम, पूर्णाराम, मनोज, सोहनलाल, मनीराम, महेंद्र, हरि उपाध्याय ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

फाग उत्सव में श्याम सखियां ने गाए भजन, खूब उड़ाए फूल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। फाल्गुन माह में फाग के घर घर आयोजन हो रहें है। मंगलवार को राधिका सत्संग मंडली की महिला सदस्यों ने बिग्गा बास में स्थित पायल डागा के घर में धूमधाम से फागोत्सव मनाया। महिलाएं अपने लड्डूगोपाल के साथ पहुंची और खूब भजन कीर्तन गाए। श्रद्धालुओं ने झूमते हुए फुलों से ठाकुरजी के संग होली खेली और सभी ने एक दूसरे को बधाई दी।

ठुकरियासर में मनरेगा कार्यों का भौतिक सत्यापन शुरू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर में ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) किसनाराम भादू व उनकी टीम द्वारा मनरेगा कार्यों का भौतिक सत्यापन सोमवार से प्रारंभ कर दिया गया है। गुरुवार तक पंचायत के सभी रिकॉर्ड और कार्यों का भौतिक सत्यापन व निरीक्षण किया जाएगा। वही सत्यापन के बाद शुक्रवार, 7 मार्च को ग्राम सभा आयोजन किया जाएगा जिसमें सामाजिक अंकेक्षण दल रिपोर्ट पेश करेगा। भादू ने बताया कि इस सत्यापन का मुख्य उद्देश्य योजनाओं में पारदर्शिता और ग्रामीण विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। ग्राम सभा में सरपंच, कार्रवाई अधिकारी, प्रभारी, ग्राम विकास अधिकारी, एलडीसी व ग्रामीण शामिल होंगे। सभा में सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।




