






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मार्च 2025। वृद्ध माता-पिता के साथ क्रुर व्यवहार करने के अनेक मामले सोशल मीडिया पर सामने आने के साथ ही समाज में एक नई बहस को जन्म दे रहें है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव इंदपालसर गुसाईंसर से भी एक मामला सामने आया है। जहां वृद्ध माता ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर बेटे बहू के खिलाफ क्रूरता कारित करने के आरोपों में मामला दर्ज करवाया है। इस गांव की मालकंवर पत्नी चैनसिंह राजपूत ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा करणीसिंह व बहू रेखा कंवर 30 वर्षों से उनसे अलग रह रहें है। उनकी देखभाल उनकी पुत्रियां ही कर रही है। बेटा बहू उनका और उनके वृद्ध पति का भरण पोषण नहीं करते। पीड़िता ने बताया कि वे आए दिन लड़ाई झगड़ा व मारपीट करते है। पति ने मकान पीड़िता के नाम कर दिया तो नाराज होकर दोनों ने लड़ाई झगड़ा किया। गत 22 फरवरी को आरोपी जबरदस्ती उनके घर में घुसे व गालियां देते हुए धक्का मुक्की व मारपीट करने लगे। जब बेटी ने विरोध किया उसके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल संदीप कुमार को सौंप दी है।



