






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2025। एक ट्रेलर मालिक को ट्रेलर बेचना महंगा साबित हुआ, खरीददार ने तय राशि नहीं दी व किश्तें भी नहीं भरी। आरोपी ने ट्रेलर के टायर व ट्रॉली बेचकर कर खुर्द बुर्द कर दी। परिवादी रेलवे फाटक कॉलोनी निवासी प्रकाशचंद ओड पुत्र रामेश्वरलाल ओड ने पुलिस की शरण लेते हुए न्याय दिलवाने की मांग की है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका ट्रेलर ट्रॉली 18 चक्का मॉडल 2017 है। 6 अप्रैल 2024 को कोडमदेसर निवासी छैलूराम पुत्र ब्रजलाल ओड के पक्ष में इकरारनामा कर उसे बेच दिया। परंतु आरोपी ने इकरारनामा में वर्णित 43000 रूपए अदा नहीं किए, ना ही वाहन की फाईनेंस किश्त कंपनी को चुकाई। इस बारे में बात करने पर आरोपी ने स्पष्ट रूप से राशि व किश्तें अदा करने से मना कर दिया। 26 फरवरी को बीकानेर के एक पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर मिला जिसकी ट्रॉली नहीं मिली। ट्रेलर के टायर भी नहीं मिले और आरोपी ने ट्रोली व टायर किसी को बेच दिए। परिवादी ने पुलिस से बकाया रूपए, ट्रेलर के टायर व ट्रॉली दिलवाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को दी है।



