






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मार्च 2025। एक निजी फायनेंस कंपनी के वसूली कार्मिक हथियार लेकर पहुंचे तीन जनों को बुरी तरह पीट दिया है। जिनमें दो गंभीर घायलों को बीकानेर रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक निजी फायनेंस कंपनी के वसूली कार्मिकों ने किश्त वसूली के लिए गांव बाना के निकट प्रताप बस्ती निवासी हारून काजी के साथ मारपीट की, और वहां से इसे रेलवे फाटक के पास लेकर आए। यहां हारून व तैयुब व इनके पिता सफी काजी के साथ कर्मियों ने धारदार हथियारों से मारपीट की है। तीनों गंभीर रूप से घायल हुए व मुस्लिम समाज के अनेक मौजिज लोग मौके पर पहुंच गए। यहां से गोल्डन तंवर, आरिफ चुनगर, रमजान बेहलीम ने तीनों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने हारून व उसके पिता सफी काजी को बीकानेर रेफर कर दिया गया है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए है। पुलिस एएसआई ग्यारसीलाल मौके पर पहुंचे व मामले की जांच कर रहें है।
भाई ने थाने पहुंच कर दो नामजद सहित अनेक जनों के खिलाफ दी परिवाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रताप बस्ती निवासी तैयब पुत्र सफी मोहम्मद काजी ने पुलिस थाने पहुंच कर परिवाद देकर मामला दर्ज करने व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई हारून आज सुबह चेजे का काम करने के लिए एक अन्य श्रमिक के साथ गांव रीड़ी की ओर जा रहा था। बाना से रीड़ी के बीच जनाना फाईनेंस कंपनी में काम करने वाले रीड़ी निवासी अमीरखान तेली पुत्र हसन खान तेली व एक अन्य जने ने आडे फिरकर रास्ता रोक लिया। तीनों ने उससे किश्त के व अपने खर्चे के लिए रूपए मांगे। तब हारून ने अगले दिन किश्त जमा करवा देने की बात कही आरोपियों ने अपने खर्चें के लिए रूपए देने की बात कही। हारून के मना करने पर उसके साथ थाप मुक्कों से मारपीट की। उससे मोटरसाइकिल छीनकर हारून को अगवा कर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर श्रीडूंगरगढ़ रेलवे फाटक की ओर लेकर आए। आरोपी माणक ने उसे फोन किया व पिता के साथ आकर हारून को छुड़ाकर ले जाने की बात कही। आरोपी द्वारा बताई जगह पर परिवादी व उसके पिता पहुंचे तो एक पिकअप गाड़ी आई जिस पर खान लिखा हुआ था। उसमें से करीब 10 जने हाथों में पाईप व तार बंधी लाठियां, बर्छी आदि हथियार लेकर पहुंचे। आरापियों ने बाप बेटों के साथ मारपीट की, जिससे परिवादी का भाई हारून व पिता बेहोश हो गए। परिवादी के शोर मचाने पर आस पास के लोगों ने आरोपियों को दकाला। परिवादी के भाई व पिता को उपजिला अस्पताल से बीकानेर रेफर कर दिया गया है।




