






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रामनवमी के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही विराट धर्मयात्रा की अंतिम तैयारी महाबैठक शुक्रवार रात्रि आडसर बास स्थित नागरिक विकास परिषद भवन में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या मे कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिन्हें अलग अलग जिम्मेदारियां बांटी गई। बैठक में विहिप जिलाध्यक्ष जगदीश स्वामी, प्रखण्ड संरक्षक भंवरलाल दुग्गड़, राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के भैराराम डूड़ी, विहिप तहसील अध्यक्ष श्यामसुंदर जोशी, संतोष बोहरा, मदन सोनी आदि ने यात्रा के प्रारूप, कार्यकर्ताओं की अलग अलग जिम्मेदारियों, रूट, व्यवस्थाओं आदि के बारे में जानकारियां दी। यात्रा के लिए घूमचक्कर, पुराना बस स्टैण्ड़, गोपालदास चौक आदि जगहों पर विशेष सजावटें की गई है एवं स्वागत भी अनुठे ढंग से किया जाएगा। यात्रा के लिए ताल मैदान में बड़ा टैंट सज चुका है।
यह रहेगा यात्रा का रूट और प्रारूप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धर्मयात्रा के लिए ताल मैदान में बड़ा टैंट सज गया है एवं यहां दोपहर दो बजे पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है एवं धर्मयात्रा में शामिल होने के लिए सभी लोगों को दो बजे तक पहुंचने का आह्वान किया गया है। यहां पर निर्धारित 3 बजे ही धर्मसभा शुरू कर दी जाएगी। जिसमें बाहर से आए कलाकारों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इन प्रस्तुतियों के तुरंत बाद ही धर्मयात्रा शुरू कर दी जाएगी। धर्मयात्रा में सबसे आगे बैंड के साथ ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मंत्रोच्चारण किया जाएगा। उसके बाद दो रथों पर झांकी एवं भारत माता झांकी, उसके बाद पैदल मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी, उसके बाद घोड़ों पर सवार युवा एवं दो वाहनों में विशेष झांकियां, वरिष्ठ नागरिक, उसके बाद डीजे, विशेष नंदी यात्रा व दो डीजे के साथ सनातनी युवा, उसके पीछे डीजे के बाद बाईक सवार व गाडियां रहेगी। यात्रा के इन सभी भागों को नियंत्रित करने के लिए कार्यकर्ताओं की विभिन्न टीमों को गठीत किया गया है एवं जिम्मेदारियां दी गई है।
यात्रा का समापन सामूहिक भारत माता की महाआरती से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विराट धर्मयात्रा की शुरूआत ताल मैदान से होगी एवं हाईस्कूल रोड़, रानी बाजार, पुरानी घास मंडी, गोपालदास चौक, पुरानी नगरपालिका, पुराना बस स्टैण्ड़, घूमचक्कर होते हुए सिंधी कॉलोनी पहुंच कर पूर्ण होगी। सिंधी कॉलोनी में स्थित शहीद हेमू कालाणी पार्क मे यात्रा में शामिल लोगों द्वारा सामूहिक रूप से भारत माता की महाआरती की जाएगी एवं यात्रा की पूर्ण होने की घोषणा की जाएगी। आयोजनों ने यात्रा में भाग लेने वाले सभी युवाओं व सनातनी लोगों से भारत माता की आरती तक पूरी यात्रा में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।





