May 20, 2026
00000000

बाडेला की 3 छात्राओं को मिले टेबलेट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बाडेला की राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय की तीन मेधावी छात्राओं को टेबलेट मिले है। कक्षा 8 में श्रेष्ठ अंक हासिल करने पर छात्रा आईना ज्याणी पुत्री ताराचंद ज्याणी, सावित्री मेघवाल पुत्री रुपाराम मेघवाल, प्रियंका खाती पुत्री पीथाराम खाती को बीकानेर में शिक्षा विभाग द्वारा टेबलेट के साथ 2 साल की इंटरनेट सेवा फ्री देकर समानित किया गया है। टेबलेट पाकर बालिकाएं प्रसन्न हुई व स्कूल स्टाफ का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बाडेला की तीन बालिकाओं को मिला टेबलेट, हुई प्रसन्न।

स्टेट ओपन की परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र जारी, विद्यार्थी सेंटर का ध्यान देवें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान स्टेट ओपन परीक्षा 2024-25 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए है। विद्यार्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए विद्यार्थी https://rsosadmission.rajasthan.gov.in/rsos/admitcarddownloadforall पर जाकर अपना प्रवेश पत्र ले सकते है। ओपन परीक्षाओं के केंद्र प्रभारी डॉ मनीष कुमार सैनी ने बताया कि इस बार विद्यार्थी विशेष रूप से सेंटर का ध्यान देवें। सेंटर अलग अलग स्थानों पर आए है और अभ्यर्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने पर उस पर दिए हुए परीक्षा केन्द्र पर ही परीक्षा देने जावें। सैनी ने बताया कि अभ्यर्थी स्वयं की SSO ID लॉगिन करके प्रवेश पत्र कहीं से भी अथवा ई-मित्र से डाउनलोड करें। रोल नं एवं जन्म दिनांक से भी प्रवेश प्रत्र डाउनलोड कर सकेंगे। विदित रहें ओपन बोर्ड 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 21 अप्रैल से 16 मई तक आयोजित की जाएगी।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती का सेलेबस जारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती का सेलेबस जारी कर दिया गया है। इसमें कुल 120 अंको में सामान्य हिंदी 20 अंक, सामान्य अंग्रेजी 15 अंक, सामान्य ज्ञान 70 अंक व सामान्य गणित 15 अंक के रूप में वितरित किए गए है। सामान्य ज्ञान में राजस्थान का भूगोल 20 अंक, राजस्थान का इतिहास, कला एवं संस्कृति 20 अंक, भारतीय संविधान एंव राजस्थान में राजनीतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था 10 अंक, सामान्य विज्ञान 5 अंक, करंट अफेयर्स 10 अंक, बेसिक कम्प्यूटर 5 अंक दिए गए है। वहीं विस्तृत सेलेबस भी अभ्यर्थी साइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते है।
मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना: अंतिम तिथि 12 अप्रैल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 12 अप्रैल तय की है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि योजना में विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली प्रतियोगिता परीक्षाओं आरपीएससी द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर एवं पूर्व में 3600 ग्रेड पे तथा वर्तमान में पे मैट्रिक्स में पे लेवल-10 एवं ऊपर की अन्य परीक्षा के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल प्रवेश परीक्षा, रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (आर.आर.बी.) द्वारा आयोजित परीक्षाएं, आरएसएसबी द्वारा आयोजित परीक्षा पटवारी, कनिष्ठ सहायक के लिए पूर्व की ग्रेड पे 2400 तथा वर्तमान पे लेवल 5 से ऊपर व पूर्व की ग्रेड पे 3600 एवं पे लेवल 10 से कम की अन्य परीक्षाएं, क्लैट परीक्षा, बैंकिंग, बीमा की विभिन्न परीक्षाएं, सीए, एफसीसीयूइटी, इइटीसीयूइटी, सीएस सीएमए एफसीसीयूइटी परीक्षाओं की तैयारी उत्कृष्ट ढंग से कराने एवं समान अवसर प्रदान करने के लिए विभाग द्वारा ऑनलाईन पोर्टल पर सूचीबद्ध कोचिंग संस्थानों में निशुल्क कोचिंग करने के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 अप्रेल तक पात्र विद्यार्थी अपने नजदीकी ई मित्र के माध्यम से अपनी एसएसओ आईडी में विभाग के पोर्टल पर सूचीबद्ध कोचिंग संस्थानों में वर्ष 2024-25 के लिए कर सकते हैं।