May 21, 2026
6f47c4a2ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 नवंबर 2020। श्रीडूंगरगढ़ में प्रधानी के रणक्षेत्र में आज रालोपा के कर्णधार हनुमान बेनीवाल व माकपा विधायक गिरधारीलाल महिया अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए मैदान में उतरेंगे। आरएलपी अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल आज श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेंगे व सोनियासर के बासों में, बापेऊ, बाडेला, नोसरिया-मिंगसरिया, धर्मास, रिड़ी, बिग्गा, आदि गांवों में जनसम्पर्क करेंगे। बेनीवाल जिला परिषद के रालोपा प्रत्याशी डॉक्टर विवेक माचरा व पंचायत चुनाव में उतरे 8 प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करेंगे। इधर माकपा भी जोर शोर से पंचायत चुनाव मैदान में आ डटी है। विधायक महिया के नेतृत्व में श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी प्रांगण में माकपा जनसभा का आयोजन होगा। महिया का काफिला यहां से क्षेत्र के शहीदों को नमन करने बिग्गा रामसरा, व धीरदेसर चौटियाँन पहुंचेगा। महिया सांवतसर पहुंच कर वन्यजीव प्रेमी शहीद निहालचंद बिश्नोई को पुष्पांजलि देकर चुनाव प्रचार अभियान में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपेगे। बता देवें क्षेत्र में 21 पंचायत समिति सीटों के लिए 23 नवम्बर को मतदान होना है और भाजपा के 21, कांग्रेस के 20, माकपा के 20 व रालोपा के 8, बसपा की 1 प्रत्याशी मैदान में जीत के लिए संघर्ष कर रहें है। भाजपा व कांग्रेस कार्यालय में भी चुनावी रणनीति तय की जा रही है। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड क्षेत्र में माकपा व रालोपा के नेता व कार्यकर्ता जीत की रणनीति तय करने में एड़ी चोटी का जोर लगा रहें है।