






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अप्रैल 2025। रविवार को सिद्ध धर्मशाला में सिद्ध युवा महासभा के चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से समाज के मौजिज लोगों की उपस्थिति में संपन्न हुए। निर्वतमान अध्यक्ष भगवाननाथ कलवानिया ने बताया अध्यक्ष पद पर तीन मतों से विजयी होकर सोवों की ढाणी, पिपलिया पांचला सिद्धा, खिंवसर नागौर निवासी युवा मुन्नानाथ सहू सिद्ध चुने गए है। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर मलकीसर लूणकरणसर निवासी पवन भादू सिद्ध तथा महामंत्री पद पर धोलपालिया ऐलनाबाद निवासी विनोद कुमार मंडा सिद्ध चुने गए है। अध्यक्ष पद के लिए मुन्नानाथ व कतरियासर निवासी राजूनाथ के बीच सीधा मुकाबला हुआ। जिसमें कुल 27 वोटों से मुन्नानाथ को 15 तथा राजूनाथ को 12 मत मिले। तीन मतों से मुन्नानाथ जीतकर अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। अब तीन वर्ष महासभा का उत्तरदायित्व अध्यक्ष व महामंत्री द्वारा गठित कार्यकारिणी संभालेगी। तीनों सदस्य निर्वाचन के बाद लिखमादेसर स्थित हंसोजी धाम पहुंचे और परमहंस संत सोमनाथजी व महंत भंवरनाथ जी से मिलकर आशीर्वाद लिया। खिवंसर विधायक रेवंतराम डांगा ने नए अध्यक्ष को जीत की बधाई दी। इसी के साथ सिद्ध महासभा अध्यक्ष का उत्तरदायित्व सफलता व प्रभावी ढंग से पूर्ण करने वाले युवा लिखमादेसर निवासी भगवाननाथ कलवाणिया, पूर्व उपाध्यक्ष रामरतन हुड्डा ने नए अध्यक्ष को माला पहना कर बधाई दी। वहीं पूर्व अध्यक्ष ओमनाथ सारण, पूर्व अध्यक्ष बीरबल नाथ जाखड़, पूर्व अध्यक्ष किशननाथ ज्यानी, पूर्व कोषाध्यक्ष मदननाथ गोदारा, मुकेश महिया, भगतनाथ नोखा, सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, रमेश ज्याणी, पूर्णनाथ महिया लिखमादेसर, डालनाथ जाखड़ लिखमादेसर, ओमनाथ जाखड़ नकोदेसर, दुर्गनाथ साधासर ने भी शुभकामनाएं दी।
इन्होंने पूर्ण करवाई निर्वाचन की कार्रवाई, ये रहें मौजूद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निर्वाचन मंडल का दायित्व श्रीदेव जसनाथ संस्थागत वन मंडल के अध्यक्ष भादरमल भारी, रिटायर्ड तहसीलदार बीरबलनाथ गोदारा, बीरबल नाथ खुणखुणिया बलरामपूरा, भागीरथनाथ गोदारा बरजांगसर, मदननाथ ज्यानी लिखमादेसर ने निभाया। भारी ने सभी समाज बंधुओ का आभार जताते हुए चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्वक सम्पन्न होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिद्ध समाज की लोकतांत्रिक व पारदर्शिता वाली चुनाव व्यवस्था अन्य समाजों के लिए प्रेरणीय है। इस दौरान अखिल भारतीय महासभा अध्यक्ष नत्थूनाथ मंडा, पूर्व सरपंच लिखमादेसर भादरनाथ ज्यानी, रावांसर सरपंच बिशननाथ मूंड, राजूनाथ गोदारा नापासर, राजूनाथ कलवाणिया, बलराम जाखड़ रीडी, काननाथ छिला नागौर, पप्पूनाथ सहू पांचला सिद्धा सहित समाज के अनेक मौजिज लोग सक्रिय रहें व चुनाव प्रक्रिया पूर्ण की।
इन सदस्यों ने चुने अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व महामंत्री।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस दौरान सिद्ध समाज की दृष्टि से देशभर में कुल 9 बनाए गए है इन 9 वार्डों से चुनकर आए समाज प्रतिनिधियों ने अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व महामंत्री का चुनाव किया। करीब एक सप्ताह चली इस चुनाव प्रक्रिया में सर्वप्रथम प्रति वार्ड तीन तीन सदस्य चुने गए। जिनमें श्रीडूंगरगढ़ वार्ड से बलराम जाखड़ रीड़ी, पुखराज ज्याणी लिखमादेसर, शंकरनाथ ज्याणी पूनरासर चुने गए। वहीं सुजानगढ़ वार्ड से सहीनाथ डांगा दुंकर, मदननाथ गोदारा सांडवा, सुखदेवनाथ ज्याणी घंटियाल चुने गए। नोखा वार्ड से कैलाशनाथ बगसेऊ, शिवनाथ नाथूसर, चैननाथ थावरिया सदस्य चुनकर आए। लूणकरणसर वार्ड से पवननाथ मलकीसर, शिवनाथ व सीताराम सदस्य बनकर पहुंचे। सरदारशहर वार्ड से जनकनाथ बादड़िया, धनराज राजासर पंवारान, मेघनाथ बादड़िया, और रतनगढ़ से किस्तुरनाथ बलरामपुरा, भीवंनाथ, ओमनाथ सदस्य चुनकर आए। वहीं श्रीगंगानगर, नागौर और बीकानेर में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। श्रीगंगानगर वार्ड से विनोद मंडा धोलपालिया, सुभाष गोदारा बोलांवाली, भरत कुलचासर निर्विरोध चुने गए। बीकानेर के लालचंद नाथ कतरियासर, राजूनाथ कतरियासर, किशननाथ बंबलू तथा नागौर वार्ड से मुन्नानाथ पांचला सिद्धा, बीरबल गोदारा चाऊ, नंदकिशोर खेरात निर्विरोध चुनकर आए। इन्हीं सदस्यों में से अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व महामंत्री का चुनाव संपन्न हुआ। ये पदाधिकारी अब अपनी नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे व समाज संहिता के अनुसार आगामी कार्रवाइयों का संचालन करेंगे।
ऐतिहासिक रहा युवा भगवाननाथ का कार्यकाल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिद्ध युवा महासभा के निर्वतमान अध्यक्ष भगवाननाथ कलवानियां का तीन वर्षीय कार्यकाल ऐतिहासिक रहा। उनकी अगुवाई में उपाध्यक्ष रामरतन हुड्डा, महामंत्री मघानाथ तर्ड, कोषाध्यक्ष मदननाथ गोदारा, उपमंत्री चेतनाथ सारण, प्रवक्ता प्रेमनाथ सारण व मजबूत कार्यकारिणी ने अनेक यादगार आयोजन संपन्न करवाए। इस दौरान पीड़ित मानवता की सेवा में सिद्ध समाज आगे आया और दो विशाल रक्तदान शिविर में बढ़चढ़ कर रक्तदान किया। समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए तीन सफल प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन किए जिनमें देशभर की सिद्ध समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। समाज के युवाओं में सहयोगात्मक व आपसी सौहार्द की भावना विकसित करने के लिए तीन सफल बॉलिवॉल प्रतियोगिता के आयोजन करवाए गए। भगवाननाथ ने समाज के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया। वहीं बीकानेर जसनाथजी की बाड़ी में टीनशेड लगवाने, डाबला तालाब के कार्य में कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा निजी सहयोग देने, अनेक स्थानों पर विशाल पौधारोपण कार्यक्रमों के आयोजन सहित अनेक सामाजिक कार्य किए। सामाजिक उत्थान व जागृति का प्रयास करते हुए विभिन्न सामाजिक मांगो को लेकर शासन प्रशासन को ज्ञापन दिए। समाज के लोगों ने इस कार्यकाल को यादगार बताते हुए सराहा व निर्वतमान कार्यकारिणी का आभार जताया।







