






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अप्रैल 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के वासी एवं यहां के प्रवासी, सभी नागरिक सेवा कार्यों में सतत संलग्नता से प्रेरणीय कार्यों में आगे आते रहे है। रविवार को क्षेत्र से चार सेवा कार्यों की खबरें सामने आ रही है, पढ़ें चारों खबरें एक साथ, एक नजर में।
1- पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए संस्थान बांटेगा 1500 पालसिए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भीषण गर्मी में इंसानी जानों को बचाने के लिए तो सरकारी स्तर पर भी विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही है। लेकिन इस दौर में पंक्षियों की जान बचाने एवं प्यास बुझाने के लिए नर नारायण सेवा संस्थान द्वारा पालसिया वितरण अभियान शुरू किया गया है। संस्थान द्वारा सहयोगकर्ताओं के सहयोग से प्रथम चरण में 1500 पालसियों का वितरण रविवार से किया जा रहा है। संस्था नियमित रूप से पालसियों को साफ कर, पानी भरने आदि जिम्मेदारियां उठाने वाले सेवाभावी लोगों को ही पालसिये प्रदान करेगी। वितरण में संस्था कार्यकर्ता श्याम करनानी, सुषमा श्याम करनानी, आनंद जोशी, दामोदर, दीपांशु, महादेव, रामदेव, मोहित, पवन, पृथ्वीराज आदि सक्रिय रहे। 
2- गौशाला में प्रदान किया चारा, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव दुलचासर की श्रीगोपाल गौशाला में गांव के निवासी किशनलाल सुथार द्वारा गौवंश की सेवा में चारा दान किया गया है। सचिव रेंवत सिंह पडिहार ने बताया कि सुथार द्वारा एक पिकपअ एवं एक ऊंटगाड़ा झाल तूडी प्रदान की गई है। गौशाला समिति ने दानदाता का आभार जताया है एवं गेंहू की फसल निकलने के दौरान निकलने वाली तूडी दान करने का आह्वान क्षेत्रवासियों से किया है।
3- प्रवासी नागरिक ने उठाई गांव में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था की जिम्मेदारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव मोमासर के प्रवासी नागरिक समय समय पर गांव में सार्वजनिक हितार्थ सेवा कार्य किए जा रहे है एवं अब दिल्ली प्रवासी केएल जैन ने गांव में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था को सुधारने का बीड़ा उठाया है। इस संबध में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने जैन से आग्रह किया था एवं पंचायत के आग्रह पर गांव में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था में लगी हुई लाईटों को बदल कर सौर उर्जा लाईटें लगवाने की घोषणा की है। इस पर ग्रामीणों ने जैन का आभार जताया है।
4- गुंसाईसर गौशाला में अंधे गौवंश की सेवा में चढ़ाई सवामणी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव गुंसाईसर बड़ा में संचालित श्रीकृष्ण गौशाला समिति में गांव के प्रयागचंद शर्मा द्वारा अमावस्या के मौके पर रविवार को सवामणी चढ़ाई गई। गौशाला के सत्यनारायण स्वामी ने आभार जताते हुए बताया कि शर्मा द्वारा हरी सब्जियों एवं लापसी की सवामणी चढाई गई एवं शर्मा परिवार के सदस्यों द्वारा अपने हाथों से गौशाला में आश्रित अंधे गौवंश को खिला कर पुण्य कमाया गया। 



