






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अप्रैल 2025। शनिवार रात को नोखा के काकड़ा गांव में लूटेरों द्वारा कुछ मिनिटों में ही एटीएम मशीन को उखाड़ कर पीकअप में ले जाने की वारदात हुई थी। इन लूटेरों के भागते हुए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण रास्तों का प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है। प्राप्त सूचना के अनुसार यह एसबीआई का टूटा हुआ एटीएम क्षेत्र के गांव बरजांगसर एवं धनेरू की सीमा पर स्थित खेत के पास फेंका हुआ मिला है। बरजांगसर सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण सिद्ध ने बताया कि पडौसी खेत के किसानों ने रविवार को सूचना दी कि सड़क किनारे बक्सा फेंका हुआ मिला है। इस पर मौके पर जाकर देखा तो वहां एटीएम पड़ा था, यह देख कर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। पडौस की ढाणियों के किसानों ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे एक पिकअप गाडी आकर रूकी थी एवं कई देर तक बक्से को तोड़ने की आवाजें आई, रात होने एवं लूटेरों के डर से रात को सड़क किनारे नहीं गए एवं सुबह रोशनी होने पर जाकर देखा। अंदाज लगाया जा रहा है कि लूटेरों ने काकड़ा से एटीएम उखाड़ कर यहां लाकर उसे तोड़ा है एवं उसमें नकदी निकाल कर एटीएम मशीन को फेंक कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर श्रीडूंगरगढ़ मौके पर पहुंची एवं बाद में जसरासर को पुलिस को सूचना दे दी गई है। अब जसरासर पुलिस एवं उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे है।




