






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मई 2025। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सुरक्षा की दृष्टी बुधवार शाम 8.15 बजे से 8.30 बजे तक आयोजित हुई मॉकड्रिल में नागरिकों को सुरक्षित करने के लिये ब्लैक आऊट किया गया। 8.13 बजे से पुलिस की तीन गाडियों व प्रशासन की गाडियों से सायरन की आवाज करते हुए बाजार में एवं शहर में गश्त की गई। लगातार बजे सायरन की आवाज के साथ हर कोई सक्रिय हो गया एवं शहर के घरों दुकानों में दुकानदारों, नागरिकों ने स्वंय सक्रिय होकर लाईट बंद करके अंधेरा किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी शहर की गलियों में तैनात रहे एवं सडकों पर चलने वाले वाहन जहाँ के तहाँ थम गये। लोगों ने अपने वाहनों की लाईटें भी बंद कर जयहिंद के नारे लगाये। 8.30 बजे सायरन की आवाज के बाद लोगों ने लाईटें चालू की। कस्बे के बाजार से निकल रहे एक ढूकाव में भी लाईटें बंद कर देशभक्ति का जज्बा दिखाया गया। वहीं सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत कुमार, थानाधिकारी जितेन्द्र स्वामी भी बाजार में पहुंचें एवं लोगों से ब्लैक आउट का महत्व बताते हुए गंभीरता के साथ इसमें सहयोग करने की अपील की।



प्रशासन की उदासीनता, जलती रही हाई मास्क लाईटें व रोड़ लाईटें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासन की उदासीनता भी देखी गई। यहां नगरपालिका द्वारा संचालित हाई मास्क लाईटें जलती रही एवं पुरा शहर अंधेरे में होने के कारण इस लापरवाही की चमक कुछ ज्यादा ही दिखी। मोमासर बास में घींदड़ मैदान में हाईमास्क लाईट 8.26 बजे बंद की गई। साथ की अनेक मोहल्लों में रोड़ लाईट तक नहीं बंद की गई व आमजन द्वारा घरों में अंधेरा करने के बाद भी कई जगहों पर स्ट्रीट लाईट व लापरवाही की लाईट जलती दिखी।। लोगों ने सोशल मीडिया पर इसका विरोध भी किया है। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने साइरन नहीं सुनने की बात भी कही है एवं लोगों ने सोशल मीडिया पर आपसी जानकारी के माध्यम से ही लाईटें बंद की।

इंडेन गैस प्लांट में फायर ड्रिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को मॉकड्रिल के श्रृंखला में बीकानेर में बीछवाल स्थित इंडेन गैस के बॉटलिंग प्लांट में फायर ड्रिल का आयोजन किया गया। जिसमें काल्पनिक आपात स्थिति बनाते हुए प्लांट में मौजूद सभी कार्मिकों को शीघ्रता एवं कुशलता से बाहर निकाला गया। लगभग पौने घंटे तक आईओसीएल, बीपी की अग्निशमन टीमों ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया एवं प्रशासन ने घायलों एवं प्रभावितों को एम्बुलैंस के माध्यम से पीबीएम चिकित्सालय पहुंचाया।

नाल थाने पर आंतकी हमले का मॉक ड्रिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को बीकानेर के नाल थाने पर आतंकी हमले का मॉक ड्रिल भी किया गया। जिसमें अचानक गोलियों की आवाज से आस पास के क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने, आंतकियों को काबु करने का अभ्यास किया गया।

पीबीएम मुस्तैद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले भर में चले मॉक ड्रिल के दौरान पीबीएम चिकित्सालय में घायलों को पहुंचानें का क्रम भी दिखाया गया एवं पीबीएम में चिकित्साकर्मी भी त्वरित एवं तत्पर रहे। यहां कई अधिकारी भी पहुंचें।




