






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 26 नवबंर 2020। श्रीडूंगरगढ़ बाजार के सभी व्यापारियों को गुरूवार शाम सात बजे से पहले अपनी दुकानें बंद करनी होगी। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने इस संबंध में आज सुबह थाने में तैयारी करते हुए स्टॉफ को ये निर्देश दे दिए है। शिवराण भी शहर के बाजार का राऊंड लेंगे और गाइडलाइन की पालना श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सुनिश्चित करेंगे। शिवराण ने कहा कि कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण जिला प्रशासन के आदेशानुसार आज से कस्बे में सात बजे बाजार बंद करवाए जाएगें और 7 बजे बाद अकारण बाहर घूमने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिवराण ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी नागरिक रात्रिकालीन कर्फ्यू का पालन करें। उन्होंने कहा कि मास्क की अनिवार्यता की पालना के लिए भी नागरिकों से लगातार समझाईश की जा रही है तथा मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बता देवें बीकानेर में कोविड-19 की सरकारी गाईडलाईन का सख्ती से पालना की जा रही है। सर्दी के कारण संक्रमण अधिक बढ़ने की संभावनाओं के बीच प्रशासन सख्ती से नागरिकों से मास्क की अनिवार्यता व अकारण घर से बाहर नहीं घूमने के लिए पाबंद कर रहा है। जिलाकलेक्टर नमित मेहता व एस पी प्रह्लाद कृष्णिया सहित अन्य अधिकारी भी बीकानेर में राउंड लेकर रात्रिकालीन कर्फ्यू की पालना करवा रहें है।



