






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 मई 2025। बीकानेर, लूणकरणसर, खाजूवाला, श्रीडूंगरगढ़ सहित आस पास के इलाकों में बीती रात धूल मिट्टी से भरा तेज अंधड़ आया। हवा में मिट्टी घुल गई जिससे अस्थमा मरीजों को परेशानी का अनुभव हुआ। लोगों के घरों में मिट्टी ही मिट्टी हो गई और महिलाओं व घर के सदस्यों ने मिलकर कई घण्टों में सफाई पूरी की। वहीं शहर सहित ग्रामीण इलाकों में खासा नुकसान हुआ है। क्षेत्र में विद्युत पोल गिर गए और छपरे उड़ गए है। शहर सहित गांवों में बिजली गुल हो गई। लोग बिना बिजली के खासे परेशान हो रहे है। वहीं अंधड़ के बाद भी तेज ठंडी हवाएं चलती रही जिससे तापमान में गिरावट आई। बता देवें शनिवार को दिन भर तेज गर्म हवाएं भी चली। हाइवे पर गांव हेमासर के पास, लखासर टोल के पास, आडसर बास में लखोटिया कुएं के पास कई पेड़ टूट कर गिर गए है। वहीं घुमचक्कर सर्किल की रेलिंग भी टूट गयी है।
बिजली आपूर्ति ठप्प, लाखों का नुकसान, एक दर्जन फीडरों पर आपूर्ति बंद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ प्रथम, द्वितीय व ऊपनी सब डिवीजनों में रात आए अंधड़ से लाखों का नुकसान हुआ है। क्षेत्र में करीब 170 से 180 के बीच पोल डैमेज हुए है। जिसमें श्रीडूंगरगढ़ फर्स्ट में करीब 50 श्रीडूंगरगढ़ सेकेंड में 67 पोल व ऊपनी में करीब 50 पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचनाएं अभी तक प्राप्त हो चुकी है। क्षेत्र में ठुकरियासर, जोधासर, लखासर, रजाना, बिंझासर, गुसाईसर, सिटी व सातलेरा फीडर ठप्प है। इनसे आपूर्ति पूरी तरह से बन्द है। वहीं ऊपनी सब डिवीजन में गांव दुसारना व लिखमीसर फीडर बन्द है, इसी के साथ यहां एग्रीकल्चर के करीब एक दर्जन फीडर बन्द है। इन फीडरों से बिजली आपूर्ति सुचारू करवाने के लिए कार्मिकों द्वारा खासी भागदौड़ की जा रही है। गांव आडसर की अगुणी रोही में खींयाराम नायक व सुभाष के खेत में 10 पोल टूट कर गिर गए है। यहां एक ट्रांसफार्मर पोल सहित नीचे गिर गया जिससे उसका आयल भी मिट्टी में मिल गया है। किसान और ग्रामीण विभाग से शीघ्र लाइनों को दुरस्त कर बिजली आपूर्ति सुचारू करने की मांग कर रहें है।








