May 20, 2026
6f47c4a2ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 नवम्बर 2020। राज्य सरकार ने राज्य के 6 जिलों की 25 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। इसमें बीकानेर, झालावाड़, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, प्रतापगढ़ जिले की तहसीलें शामिल है। बीकानेर में श्रीडूंगरगढ़ , नोखा, बीकानेर, कोलायत, छत्तरगढ़ को मध्यम सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इन तहसीलों में शामिल गांवो को आगामी छह माह तक सूखाग्रस्त माना जाएगा। सभी किसान जिस भी बैंक के ग्राहक है उस बैंक में संपर्क कर अपनी नवीनतम जमाबंदी और आधार कार्ड की कॉपी जमा करवाएं जिससे आपदा प्रबंधन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के आदेश के अनुसार उन्हें बीमा क्लेम की राशि दी जा सके। बैंक ऑफ बड़ौदा के कृषि अधिकारी कुलदीप मंडार ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के सभी किसान संबंधित बैंक में जाकर अपना खाता सही करवाएं और नियम के अनुसार 1 जनवरी 2020 के बाद एक बार खाते में ब्याज जमा होना आवश्यक है नहीं तो खाताधारक का क्लेम निरस्त हो जाएगा। मंडार ने बताया कि इसमें सिंचित व बारानी सभी किसान शामिल होगें जिनका केसीसी कार्ड बना हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि किसान ने फसल बिजाई में कोई परिवर्तन किया हो तो वह भी बैंक में जानकारी आवश्यक रूप से दे देवें। बता देवें कि सभी किसान अंतिम तिथि 8 दिसम्बर से पहले बैंक पहुंच कर अपने खाते को सही करवाएं व जरूरी दस्तावेज जमा करवाएं जिससे सूखाग्रस्त घोषित होने का क्लेम उन्हें मिल सकें। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स भी सभी पाठकों से अपील करता है कि क्षेत्र के प्रत्येक किसान तक ये समाचार पहुंचे जिससे क्षेत्र का एक भी किसान बीमा क्लेम की राशि से वंचित ना रहें।