






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जून 2025। रेलवे स्टेशन श्रीडूंगरगढ़ में लगातार बढ़ रहें यात्री भार को देखते हुए यहां यात्री सुविधा विस्तार धीमी गति से हो रहा है। जागरूक नागरिक अक्सर यहां से मिलने वाले रेवेन्यू को बड़े स्टेशनों की तुलना में अधिक होने पर भी सुविधा के लिए स्टेशन को उपेक्षित किए जाने की बात कहते है। तत्काल की टिकिट लेने के लिए यहां रात को ही स्टेशन पर कतारें लग जाती है और लोग घंटो इन कतारों में खड़े रहते है। लोक समता समिति के वरिष्ठ सदस्य तुलसीराम चौरड़िया ने रेल महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे को पत्र लिखकर तत्काल टिकिट लेने वाले यात्रियों के लिए टोकन सिस्टम लागू करने की मांग की है। चौरड़िया ने बताया कि टोकन सिस्टम लागू होने से यात्री के मन में उसके साथ किसी प्रकार का छल नहीं होने का भाव आएगा वहीं उन्हें घंटो कतारों में खड़े रहने से राहत मिल सकेगी। चौरड़िया ने पत्र में श्रीडूंगरगढ़ के दोनों प्लेटफार्मों व टिकिट खिड़की पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यहां से लगातार गाड़ियों का संचालन होता है व आम यात्रियों की सुरक्षा के लिए यहां सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता है। जिससे यात्री सुरक्षा के लिए निगरानी रखने के साथ ही अपराधों में कमी आ सके। समिति ने विभाग द्वारा इन दोनों ही मांगो को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।



