






घुमचक्कर पर सुलभ सुविधा व पुराना बस स्टैंड पर पार्किंग सुविधा करने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घुमचक्कर पर बीकानेर-जयपुर रूट की बसों के स्टैंड पर सुलभ सुविधाएं तथा मुख्य बाजार में पुराना बस स्टैंड पर पार्किंग सुविधा करने की मांग पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा से सक्रिय नागरिक हरिप्रसाद सिखवाल ने की है। सिखवाल ने शर्मा को ज्ञापन देकर बिना सुलभ सुविधा के यात्रियों को होने वाली परेशानी के कारण यहां स्थान चयनित करके शौचालयों का निर्माण करवाने की मांग की। वहीं सिखवाल ने बाजार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से बाजार की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़े रहने की बात कहते हुए आमजन के लिए पार्किंग व्यवस्था करवाने की मांग की।
नकली खाद बीज पर नकेल कसने की मांग, किसान संघ ने दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर जिले में नकली खाद और बीज की बढ़ते जाल में फंस कर किसान लाखों का नुकसान झेल रहें है। ऐसे दोषियों पर गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज कर इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ये मांग भारतीय किसान संघ के सदस्यों ने उपखंड अधिकारी उमा मित्तल को ज्ञापन देते हुए की है। संघ सदस्यों ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा द्वारा की गई छापेमारी की सराहना की। संगठन द्वारा नोखा व बीकानेर में ईफको कंपनी के थैलों में नकली डीएपी पकड़े जाने पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। संघ ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों के रिश्तेदार भी इस अवैध व्यापार में शामिल हैं, और कई दुकानों पर एक ही लाइसेंस से संचालन हो रहा है। संघ ने बीकानेर जिले की सभी खाद-बीज दुकानों की सैंपलिंग की जाए, जयपुर या अन्य जिले की स्वतंत्र टीम से जांच करवाई जाए, और दोषियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाने की मांग की है।

पानी के टैंकर में धांधली रोकने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पानी के टैंकर में धांधली करने के आरोप लगातार लगाए जा रहें है। विभाग के सरकारी धन से जरूरतमंद के घर पानी नहीं डाल कर सक्षम लोगों के घर पानी डलवाया जा रहा है। जावेद बेहलीम, आमिर खोखर, सलीम तंवर, फारूख बेहलीम, इमरान, हनीफ, बशीर चुनगर, इब्राहीम ने बुधवार को विभागीय कार्यालय पहुंच कर मामले की जांच करवा कार्रवाई करने की मांग करते हुए लिखित में शिकायत दर्ज करवाई।

श्रीकृष्णा गौसेवा समिति गौशाला में 11 क्विंटल तरबूज भंडारा संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव दुसारणा में श्रीकृष्णा गौसेवा समिति गौशाला में बुधवार को 11 क्विंटल तरबूज भंडारा संपन्न हुआ। सामूहिक भंडारे में गौसेवकों ने अपनी सेवा सहयोग देकर गौवंश को खिलाया। भंडारे में श्रवणराम पुत्र मालाराम गोदारा, मनोज कुमार शर्मा श्रीडूंगरगढ़, जेठाराम पुत्र बिरमाराम गोदारा के सहयोग से गौवंश को तरबूज खिलाए गए। गौशाला कमेटी के सदस्यों ने दानदाताओं का आभार जताया।





