






26 छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ, 30 जुलाई तक होंगे आवेदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित राजकीय एवं अनुदानित छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाईन आवेदन 30 जुलाई तक आमंत्रित किए गए हैं। प्रवेश के लिए ऑनलाईन आवेदन एसएसओ पर नवीन प्रवेश पोर्टल एसजेएमएस माध्यम से किए जा सकते है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि जिले में विभाग द्वारा 26 छात्रावास का संचालन किया जा रहा है। जिनकी कुल स्वीकृत क्षमता 1 हजार 324 हैं। इनमें से 1 छात्रावास स्कूल स्तर की छात्राओं एवं 2 छात्रावास कॉलेज स्तर की छात्राओं के लिए जिला मुख्यालय पर संचालित है। उन्होंने बताया कि छात्रों के लिए कॉलेज स्तर के 2 एवं विद्यालय स्तर के 4 छात्रावास मुख्यालय पर संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही स्कूल स्तर के छात्रों के उ खाजूवाला, पूगल, छतरगढ़, दंतौर, श्रीडूंगरगढ़, लूनकरणसर, कोलायत, बज्जू, दियातरा, नोखा, पांचु, जसरासर एवं देशनोक में छात्रावास संचालित हो रहे हैं। संयुक्त निदेशक ने बताया कि इन छात्रावासों में अनुसूचित जाति, जनजाति, स्वच्छकार, विमुक्त घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु, मिरासी एवं भिश्ती समुदाय, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग के छात्र व छात्रा के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि छात्रावास से 5 किमी. से अधिक दूरी पर निवास करने वाले छात्र ही प्रवेश के लिए पात्र होंगे। गत वर्ष छात्रावास में आवासित रहे छात्रों को प्रवेश के लिए आवेदन की आवश्यकता नहीं है। वह अपनी अंकतालिका छात्रावास अधीक्षक को जमा करवाकर प्रवेश ले सकते है। उन्होंने बताया कि इन छात्रावासों में आवास करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन, नाश्ता, यूनिफॉर्म, जूते, तौलिया, तेल, साबुन, बिजली, पानी आदि सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएगी।
पहचान पोर्टल नवाचार : जन्म मृत्यु व विवाह के प्रमाण पत्र मिलेंगे व्हाट्सएप पर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निर्देशानुसार पहचान पोर्टल पर नवाचार करते हुए पहचान पोर्टल से जारी जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र अब आवेदक व्हाट्सएप नंबर पर भी प्राप्त कर सकते हैं। जिला रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु एवं आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक रोहताश्व सूनिया ने बताया कि विभाग के द्वारा नवाचार के रूप में जन्म-मृत्यू एवं विवाह प्रमाण पत्र व्हाट्सएप नंबर पर भी प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके तहत सभी जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि पहचान पोर्टल पर जन्म-मृत्यु एवं विवाह की घटनाओं का पंजीकरण करते समय आवेदक से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर (जिस पर व्हाट्सएप की सुविधा उपलब्ध हो) दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। जिससे आमजन को व्हाट्सएप नंबर पर जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र की प्रति उपलब्ध करवाई जा सके।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए वार्षिक भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि बढ़ाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को 15 जुलाई तक वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत जिले में कुल 2 लाख 64 हजार 800 पेंशनर्स हैं। इनमें 1 लाख 87 हजार 756 वृद्वजन पेंशनर्स, 59 हजार 494 विधवा पेंशनर्स, 16 हजार 729 विशेष योग्यजन पेंशनर्स तथा 841 कृषक वृद्वजन सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रहे हैं। पंवार ने बताया कि अब तक लगभग 89.07 प्रतिशत (2 लाख 35 हजार 863) पेंशनर्स द्वारा अपना वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाया गया है। वहीं 28 हजार 937 पेंशनर्स का वार्षिक भौतिक सत्यापन लम्बित हैं।



