






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जून 2025। इस भीषण गर्मी में बिना बिजली 6 दिनों से 80 घरों के बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चे बुरी तरह से परेशान हो रहें है। जिन घरों में प्रसुताएं है, उन घरों में नवजात व प्रसूताएं गर्मी में जैसे सजा काट रहें है। नवजात बच्चों व बुजुर्गों के पूरे बदन की चमड़ी उधड़ गई है। घरों की महिलाएं एक स्वर में कह रही है कि हे सरकार.! अब तो सुनो। ये हाल है उपखंड के निकटवर्ती गांव जैसलसर का, जहां परेशान ग्रामीण 24 घंटे से धरने पर बैठे है। गत पांच दिन से बिजली नहीं मिलने से हैरान ग्रामीणों ने शनिवार सुबह जीएसएस का शटडाउन लिया और जीएसएस के बाहर ही धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने बताया उनकी सप्लाई लाइन का छोटा ट्रांसफार्मर (ढोलकी) के तार टूट गए जिससे उनके घरों की बिजली गुल है। वहीं इस ढोलकी से बिजली आपूर्ति भी नहीं हो पाती है। ग्रामीणों ने बताया कि धरनार्थियों की मांग पर विभागीय अधिकारियों ने नई ढोलकी लेकर आने के लिए पांच जनो को सरकारी क्रेन के साथ गांव गुसाईंसर भेजा और वहां पहुंचने पर अचानक अधिकारी ने ढोलकी देने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें विभाग द्वारा सुबह तक ढोलकी लगाकर बिजली सुचारू करने का आश्वासन दिया गया। परंतु अभी तक बिजली नहीं दी गई है। मौके पर एकत्र 80 घरों के प्रतिनिधि ग्रामीणों ने आगामी 2 घंटों में बिजली नहीं देने पर श्रीडूंगरगढ़ बिजली विभाग आकर घेराव करने की चेतावनी दी है।





