May 21, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जुलाई 2025। नागौर के खैरात गांव में खेत के विवाद में दंबगों द्वारा महिला को उठा ले जाने एवं निर्वस्त्र कर मारपीट करने के मामले ने पूरे राज्य में तूल पकड़ा हुआ है। इस घटना के बाद राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल भी उठाएं जा रहें है। इसी प्रकरण में मंगलवार को सिद्ध समाज विकास संस्थान के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कुंभाराम सिद्ध ने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजय राइटकर से मुलाकात की और सिद्ध ने ज्ञापन देकर मामले में संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। सिद्ध ने बताया कि मूल ओबीसी वर्ग की महिला अपने घर में वृद्ध सास, देवरानी के साथ ही रहती है एवं पीड़िता के पति व देवर अन्य राज्य में प्रवासी रहकर मजदूरी करते है। ऐसे में दंबगों द्वारा खेत के छोटे से विवाद में महिला को निर्वस्त्र कर बेरहमी से मारपीट कर, निजी अंगों पर गंभीर चोटें देने की घटना है। इस घटना से पूरे राज्य में ओबीसी वर्ग में रोष व्याप्त है। इस दौरान गंगानगर लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी रही प्रियंका बेलान, भाजपा नेत्री लकेश चौधरी, लूणकरणसर पूर्व प्रधान शिवरतन शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष भंवरलाल जांगिड़, मदनदास स्वामी आदि साथ रहें एवं सभी ने एक स्वर में निंदनीय घटना में कठोर कार्रवाई की मांग की है।