






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जुलाई 2025। श्रीडूंगरगढ़ शहरवासियों के लिए आज एक राहत भरी खबर नगरपालिका से आई है। गुरूवार को भारत सरकार द्वारा राजस्थान का स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 का परिणाम जारी किया है। इस परिणाम में नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ को 12500 में से 6256 अंक प्राप्त हुए है। ये 50.08 प्रतिशत अंक है और इसी के साथ देश भर में श्रीडूंगरगढ़ को 514वीं रैंक हासिल हुई है। बीकानेर जिले में 50000 से 1 लाख जनसंख्या की कैटेगरी में ये तीसरा स्थान रहा है और प्रदेश भर में 75वां स्थान प्राप्त हुआ है। गत वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका ने 9500 अंको में से 2125 अंक प्राप्त कर 22.36 प्रतिशत अंको के साथ देश में 3677वीं रैंक हासिल की थी। इसकी तुलना में इस वर्ष 27.72 प्रतिशत अंको का सुधार हुआ है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा व अधिशाषी अधिकारी अविनाश शर्मा ने अच्छे अंक प्राप्त करने का श्रेय श्रीडूंगरगढ़ की जनता को दिया है। दोनों ने आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि अभी हम सब को मिलकर बेहतर प्रयास करना है और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में देश भर में और अच्छे अंक हासिल कर शहर को आगे बढ़ाना है। सफाई निरीक्षक हरीश गुर्जर ने सफाई कार्मिकों को इस सुधार के लिए बधाई देते हुए इस वर्ष की रैंकिंग में सुधार के लिए प्रयास करने की प्रेरणा दी। बता देवें प्रवासी नागरिकों सहित अनेक जागरूक नागरिकों द्वारा सफाई का मुद्दा कई मंचो पर उठाया जाने लगा है। अनेक जनप्रतिनिधि इस संबंध में जागरूकता का प्रयास कर रहें है। ऐसे में ये सकारात्मक बढ़ोतरी प्रोत्साहन को बल देगी जिससे आमजन भी शहर को साफ रखने की दिशा में अपनी भागीदारी तय कर सकेंगे।




