






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 दिसम्बर 2020। कृषि मंडी श्रीडूंगरगढ़ नए कृषि कानूनों के विरोध किसानों को समर्थन देते हुए मंगलवार को बंद रहेगी। मण्डी बुधवार 9 दिसम्बर से सुचारू नीलामी के लिए पुनः खुल जाएगी। बता देवें की श्रीडूंगरगढ़ बाजार बंद रहने की कोई सूचना अभी तक जारी नहीं हुई है और श्रीडूंगरगढ़ बाजार खुला रहेगा। क्षेत्रवासियों को बता देवें केंद्र के इन तीनों कानूनों का जबरदस्त विरोध श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी ने पहले दिन से बीकानेर जयपुर तक दर्ज करवाया था। यहां के व्यापार संघ अध्यक्ष श्याम सुंदर पारीक ने इस कानून का अध्ययन किया व पहले दिन से जागरूकता के साथ इसे किसानों के लिए घातक बताया था। विरोध-प्रर्दशन भी किए व केन्द्र सरकार से इन कानूनों को वापस लेने की पूरजोर मांग की थी। अब किसान आंदोलन की आंधी की तरह पूरे देश में पहुंच रहा है। ऐसे में श्याम सुन्दर पारीक ने बताया कि इन तीनों कानूनों का पूरे देश के किसान, व्यापारी, मजदूर जबरदस्त विरोध कर रहें है। उन्होंने कहा कि आम किसान भी जागरूकता के साथ इसे समझे। केंद्र सरकार ने बड़े औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए और कृषि उपज मंडी का पूरा ढांचा बर्बाद करने के लिए ये कानून बनाएं है। पारिक ने कहा कि यह कम्पनियां इन कानूनों का दुरुपयोग कर मोटा मुनाफा कमाएगी। पारीक ने बताया कि बड़ी कम्पनियां किसानों के साथ एग्रीमेंट व कान्ट्रैक्ट कर के किसानों को खाद, बीज, किटनाशक कान्ट्रैक्ट के आधार पर उपलब्ध करवाएगी व किसानों की पूरी कृषि उपज बिना किसी प्रतिस्पर्धा के खरीद कर ली जाएगी। इस व्यवस्था से किसान इन कम्पनियों के बन्धुआं मजदूर बन कर रह जाएंगे। पारीक ने कहा कि किसानों ने केंद्र सरकार की हठ धर्मिता के खिलाफ 8 दिसंबर 2020 मंगलवार को भारत बन्द का आह्वान किया व व्यापारी संगठनों से समर्थन मांगा है और श्रीडूंगरगढ़ व्यापार संघ ने इसे पूरा समर्थन देते हुए कृषि मंडी बन्द रखने का निर्णय लिया है। किसान अपनी जिंस लेकर 9 दिसंबर बुधवार को कृषि मंडी श्रीडूंगरगढ़ आ सकेंगे।



