






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2025। गर्भवती पत्नी चार मासूम बेटियों के साथ हाइवे पर घायल हुए पति का इंतजार करती रह गई.. ये कभी ना खत्म होने वाला इंतजार देकर पति छह मासूम जिंदगियों को बीच मझधार छोड़कर काल का ग्रास बन गया। हाइवे पर बस की टक्कर से घायल बाइक सवार 31 वर्षीय दीपाराम पुत्र हरूराम मेघवाल निवासी लालासर ने आज सुबह 5.30 बजे पीबीएम में दम तोड़ दिया। बता देवें गत 15 जुलाई को लखासर टोल के निकट एक बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार सूडसर निवासी शिवलाल पुत्र कोजुराम जाखड़ की दर्दनाक मौत मौके पर ही हो गई थी। दीपाराम ने नौ दिन मौत से संघर्ष किया और आखिर आज जिंदगी से जंग हार गया। एएसआई राजकुमार पीबीएम पहुंच गए है और मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
छह मासूम जिंदगियों को छोड़ा बीच मझधार में…
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हाइवे पर भीषण हादसे में सोमवार रात पांच युवकों ने प्राण गवां दिए इस खबर से क्षेत्रवासी सहम गए। वहीं आज सुबह 15 जुलाई को घायल हुए दीपाराम की मौत की खबर भी आ गई। इस दुर्घटना में मृतक शिवलाल जाखड़ भी चार बच्चों का पिता था। बुधवार को दम तोड़ने वाला दीपाराम चार बेटियों का पिता था। दीपाराम की पत्नी गर्भवती है और चारों बेटियां 10 से 2 वर्ष की है। दीपाराम के माता पिता पूर्व में ही संसार छोड़ गए और दीपाराम ही अपने परिवार का पालक था। वह खेती किसानी कर अपना जीवनयापन कर रहा था। ऐसे में ग्रामीणों ने शोक जताते हुए छह मासूम जिंदगियों को बीच मझधार में छोड़ कर चले जाने पर दु:ख जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी परिवार के पालन के लिए कुछ योजनाओं का लाभ देने व मदद करने की उम्मीद जताई है। वहीं सरपंच सुनील मलिक ने कहा कि सरकारी योजनाओं के जो लाभ है वो परिवार को दिलवाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे।
ब्रेन डेड ही रहा नौ दिन दीपाराम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उसकी आंखे खुलने का हम सब इंतजार ही करते रहें। भाभी भी अस्पातल आने की जिद करती रही। वे गर्भवती है तो हमने सोचा भाई थोड़ा ठीक हो जाए, फिर एक दिन उनको बुला लेंगे। वे रोज उनके ठीक होने की प्रार्थना करते हुए जल्दी घर लाने का कहती रही। पर भाई तो… आंखो में आसूं लिए दीपाराम के ताऊ के बेटे भाई दिनेश मेहरा ने ये बात बताई और उसका गला भर गया। गत नौ दिन से मृतक दीपाराम के साथ पीबीएम में ही रूके रहें, दिनेश ने बताया कि दुर्घटना के दिन जब दीपाराम को पीबीएम लाकर भर्ती करवाया गया तो ब्रेन हेमरेज के कारण उनका ब्रेन डेड हो गया था। चिकित्सकों ने उसी दिन कहा था ऑपरेशन कर देते है पर कुछ कहा नहीं जा सकता। उसके बाद दीपराम के ब्रेन का ऑपरेशन किया गया। उसके बाद वह लगातार वेटिंलेटर पर ही था। और आज सुबह अंतिम सांस ली। पूरा परिवार मायूस हो गया है।




