






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2025। झालावाड़ में शुक्रवार सुबह सरकारी स्कूल में कमरे की छत गिरने के ह्रदय विदारक हादसे के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हा गया है। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के साथ राजस्व अधिकारियों की समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में सरकारी स्कूलों के रखरखाव, मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था सुचारू ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘मिशन सुरक्षित स्कूल” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत राजस्व अधिकारियों द्वारा जिले के 2 हजार 156 सरकारी स्कूलों का विस्तृत सर्वे किया गया। आवश्यकताओं का आकलन किया गया तथा इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही और कठोर निगरानी की जा रही है।
जिले में 349 विद्यालय स्ट्रक्चर को जमींदोज करने की दी स्वीकृति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर ने बताया कि सर्वे के दौरान असुरक्षित पाए गए 349 विद्यालय स्ट्रक्चर जमींदोज करने की स्वीकृति दी गई है। जिनमें से कई जमींदोज किए जा चुके हैं अन्य को जमींदोज करने की प्रक्रिया चल रही है। बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले की सभी सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य केन्द्रों की बिल्डिंग का बीडीओ और तहसीलदार की संयुक्त टीम निरीक्षण करेगी। अगर कोई बिल्डिंग जीर्णशीर्ण जमींदोज होने से रह गई है तो उसे भी चिन्हिंत कर जमींदोज किया जाएगा।
“मिशन सुरक्षित स्कूल” सर्वे में 537 कमरे जर्जर एवं मरम्मत योग्य पाए गए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिलाकलेक्टर ने बताया कि ‘मिशन सुरक्षित स्कूल’सर्वे के दौरान 537 कमरे जर्जर एवं मरम्मत योग्य पाए गए। इसी प्रकार 438 बाउंड्री वाल, 1224 टिन शेड, 860 शौचालय, 195 विद्युतीकरण संबंधी समस्याएं, 229 पेयजल चैनल और 50 स्कूलों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक बताई गई। जिला कलेक्टर ने बताया कि ‘मिशन सुरक्षित स्कूल’ के तहत अब तक सार्वजनिक शेड निर्माण की 168, चारदीवारी की 264, शौचालय निर्माण की 329, पिंक टायलेट निर्माण की 364, आंगनबाड़ी निर्माण की 46, नवीन आंगनबाड़ी निर्माण की 96, विद्यालय भवन मरम्मत कार्य की 264, आंगनबाड़ी भवन मरम्मत की 61 तथा आंगनबाड़ी टायलेट निर्माण की 115 सहित कुल 1707 स्वीकृतियां जारी की गई। इनमें से 1276 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
बाना ने लिखा सीएम के नाम पत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। झालावाड़ की दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र के कांग्रेसी नेता हरिराम बाना ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें मुआवजा देने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग करते हुए सीएम के नाम पत्र भेजा है। बाना ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की राजकीय विद्यालयों के जर्जर भवनों को चिह्नित करके नवनिर्माण करवाने की मांग भी की। बाना ने कहा कि शासन प्रशासन ऐसे हादसे की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही करें।
बिग्गाबास रामसरा में जर्जर भवन दे रहा हादसे को न्योता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गाबास रामसरा गांव में पुराने सरकारी स्कूल का भवन जर्जरावस्था में है। ग्रामीणों ने बताया कि ये भवन करीब 70 वर्ष पुराना है और यहां कभी हादसा हो सकता है। सरपंच ने करीब दो माह पूर्व इस भवन को गिराने के लिए पत्र प्रशासन को दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि थोड़ी सी बरसात में ही स्कूल पूरी तरह से पानी से भर जाती है। ग्रामीणों ने इसे ध्वस्त करने की मांग की है।




