May 21, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2025। रीड़ी जीएसएस के केऊ फीडर से जुड़े किसान बिजली के लिए बुरी तरह से परेशान है। सोमवार सुबह किसान जीएसएस के बाहर एकत्र हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहें है। किसानों ने आरोप लगाया कि 27 दिन से उनके हक की 6 घंटे बिजली तो दूर एक घंटे बिजली बिना ट्रिपिंग के नहीं मिल रही है। बार बार हो रही ट्रिपिंग से फसलें बर्बाद हो रही है। किसानों ने बिजली आपूर्ति नहीं देने पर रोड जाम करने की चेतावनी दी है। किसानों ने बताया कि केऊ फीडर में करीब 80 किसान है और ओवर लोड के कारण लाइन बार बार फाल्ट होती है। जिससे आपूर्ति बुरी तरह से बाधित है। मौके पर मौजूद किसान उमनाथ, भूराराम, काननाथ, चुन्नानाथ, रामप्रताप, भागीरथ, ओमप्रकाश, सहीराम, रामकिशन शर्मा, मदननाथ, मेघराज शर्मा, शिवदयाल, प्रभुराम, जगदीश चुन्नीलाल सहित अनेक किसान खड़े है। नारेबाजी करते हुए ये पूरी आपूर्ति देने की मांग कर रहें है। युवा नेता डॉ विवेक माचरा ने बताया कि ट्रिपिंग के कारण, वोल्टेज नहीं मिलने के कारण क्षेत्र के किसान परेशान है। किसानों की मोटरें जल रही है, वे आर्थिक रूप से परेशान हो रहें है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी किसानों के फोन नहीं उठाते। माचरा ने तुरंत सप्लाई में सुधार करने की मांग करते हुए बीकानेर अधिकारी से वार्ता की है।
तार टूटने पर लगते है 1000 रूपए, भुगत रहें है किसान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों ने बताया कि 20 जुलाई से तो वे स्वयं सप्लाई नोट कर रहें है। एक दिन भी आपूर्ति नहीं आई है। किसानों ने बताया कि एक बार तार टूट जाने पर एक हजार रूपए का चार्ज उसे जुड़वान के लिए किसान भुगत रहें है। इस लाइन में प्रति पांच मिनिट में तार टूट रहा है। किसानों ने कहा कि इसी माह तार टूटने के कारण किसानों ने आपसी चंदे से करीब 50 हजार रूपए का भुगतान किया है। उन्होंने रोष जताते हुए शीघ्र व्यवस्था सुधार की मांग विभाग से की है।
खड़ी मूंगफली में नुकसान की आशंका से तड़प उठे किसान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों ने बताया कि बरसात नहीं हो रही और गोजा लट का प्रकोप फैल रहा है। बिना बिजली के पानी छिड़काव नहीं हो रहा जिससे फसलों में दवाई नहीं लग पा रही है। ऐसे में खड़ी फसल में बिना बिजली हो रहें नुकसान की आशंका से किसान तड़प उठे है। युवा किसानों ने घोर नाराजगी जताते हुए फसल में नुकसान होने की सूरत में रास्ता जाम कर देने की चेतावनी दी। किसानों ने विभागीय कार्मिकों पर फोन नहीं उठाने ओर स्वीच ऑफ कर देने के आरोप भी लगाए है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केऊ फीडर के किसान परेशान, पूरी बिजली नहीं मिलने पर रोड जाम करने की चेतावनी दी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों ने बताया कि ये बिजली सप्लाई का रिकॉर्ड है, जिसमें एक भी दिन आपूर्ति सुचारू नहीं हो रही है।