






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2025। चौधरी चरण सिंह विचार मंच, फैमिलियर फॉरेस्ट्री डिवीजन डूंगर कॉलेज एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिले भर की 100 स्कूलों में वन पौधशाला विकसित की जा रही है। इन पौधशालाओं में 4 लाख से अधिक सहजन के पौधे तैयार कर ग्रामीणों, विद्यार्थियों, संस्थाओं को नि:शुल्क वितरण किए जाएंगे। संयोजक प्रोफेसर श्यामसुंदर ज्याणी ने बताया कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती वर्ष 2027 के उपलक्ष्य यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है एवं सोमवार को डूंगर महाविद्यालय स्थित प्रताप सभागार में चयनित 100 राजकीय विद्यालयों द्वारा इस अभियान के लिए तैनात किए गए प्रभारी शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित की गई। इन सौ में 12 स्कूलें श्रीडूंगरगढ़ की है। जिसमें इन शिक्षकों को पौधशाला विकसित करने के लिए सैद्धांतिक प्रशिक्षण एवं डूंगर महाविद्यालय स्थित गांधी वन में प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर नरेन्द्रनाथ ने सहजन का पोषण में महत्व बताते हुए हर घर सहजन अभियान को प्रेरणीय बताया। चौधरी चरण सिंह विचार मंच के बजरंग भामूं ने इन पौधशालाओं में विकसित चार लाख सहजन के पौधों को आगामी 11 सितम्बर को विश्व बंधुत्व दिवस जिले भर में बेटियों द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाया जाएगा। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश गोदारा ने सहजन अभियान को केवल हरियाली ही नहीं बल्कि जलवायु संरक्षण की सामाजिक रणनीति बताया एवं शिक्षकों द्वारा गंभीरता से इन पौधशालाओं के विकास करने की बात कही।
सीआरआई बना सहयोगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस अभियान में सीआरआई मोटर पंप कोयम्बटूर भी सहभागी बना है। सीआरआई के अधिकृत वितरक राजस्थान कृषि स्टोर के बजरंग भामूं ने बताया कि सोमवार को शिक्षकों को सहजन के बीजों की किट वितरण की गई एवं किट की गुणवत्ता बनी रहे इसलिए 125 थैले नि:शुल्क वितरण किए गए। सीआरआई द्वारा चौधरी चरण सिंह पारिवारिक वानिकी मिशन द्वारा इस अभियान में अपना सहयोग देते हुए 2 हजार थैले तैयार करवाए गए है। जो कि अभियान के विभिन्न आयोजनों में लगातार कार्य में लिए जाएंगे।





