






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 जुलाई 2025। सरकारी निर्माण में होने वाली धांधली और भ्रष्टाचार अब सरकार की ही सर्वें टीमों के सामने आ रही है। प्रदेश भर में दबी जुबान में अधिकारी घटिया निर्माण होने की बात स्वीकार कर रहें है। श्रीडूंगरगढ़ शहर में भी सरकारी निरीक्षण टीम करोड़ों रूपयों की भूमि में स्थित सरकारी संपत्तियों का जायजा ले रही है। टीम के सामने संपत्ति की बदहाली ही सामने आ रही है। गुरूवार को नायब तहसीलदार रमेश सिंह, सहायक अभियंता शिवलाल बिश्नोई, प्राचार्य ममता गोयल, सिटी पटवारी सीताराम नाई, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी महावीर प्रसाद की टीम ने विभिन्न भवनों का निरीक्षण किया। टीम ने हनुमान धोरा स्थित पीएचईडी के कार्यालय में रहने वाले छोटे बच्चों सहित एक परिवार को वहां का क्वार्टर तुरंत खाली करने के निर्देश दिए है। यहां पंप हाऊस, उसके स्विच रूम में वायरिंग की स्थिति चिंताजनक मिली जो किसी भी समय हादसे को न्यौता दे रही है। टीम ने एईएन को तुरंत इन्हें ठीक करवाने के निर्देश दिए है। वहीं झंवर बस स्टैंड के नकारा अनुपयोगी भवन के जर्जर हालात पर चिंता जताते हुए इसे तुरंत गिराने की सिफारिश की है। नवनिर्मित राजकीय कन्या कॉलेज की दीवारों से भी पानी रिसने लगा है। 2022 में नवनिर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान श्रीडूंगरगढ़ के साइड की दीवार गिर गई है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवन की तो दक्षिण दिशा में दीवार ही नहीं है। राजकीय महाविद्यालय की चारों और चारदीवारी ही नहीं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा संकट में है और महाविद्यालय परिसर में अतिक्रमण पहुंच गया है। टीम ने सरकारी संपत्ति के हालातों पर चिंता जताते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है।
100 छात्रों का नामांकन, शिफ्ट करवाया भवन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मार्च 2025 में आड़सर बास में गोपाल गौशाला के पास बने एक राप्रावि का भवन गिराने के निर्देशों के बावजूद स्टाफ ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस विद्यालय की जर्जरावस्था की सूचना सीबीईओ सरोज पूनियां के कानों तक पहुंची। पूनियां ने जानकारी ली तो 100 बच्चों के नामाकंन वाले इस स्कूल में 5 का स्टाफ कार्यरत था। पूनिंया ने लेटर जारी कर स्टाफ को स्कूल भवन को तुरंत खाली करने व सरदारशहर रोड पर औसिंया माता स्कूल में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। बुधवार को स्टाफ ने आंखे खोली और बच्चों को शिफ्ट किया तो मोहल्लेवासियों ने भी राहत की सांस ली।








