






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अगस्त 2025। उपजिला अस्पताल की बदहाली की शिकायतें आम है। इन्हें लेकर आए दिन स्थानीय मीडिया द्वारा आवाज उठाई जाती है। मंगलवार को ही सीट से डॉक्टर के नदारद रहने और समय पर नहीं आने की खबर का प्रकाशन मंगलवार को राजस्थान पत्रिका के संजय पारीक द्वारा किया गया। पारीक ने पीड़ित मरीजों का दर्द साझा किया। बुधवार को सुबह उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा औचक निरीक्षण के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचे। यहां शर्मा ने अस्पताल का राउंड लिया व भर्ती मरीजों से भी व्यवस्थाओं संबंधी चर्चा की। शर्मा ने जननी सुरक्षा वार्ड, लू ताप घात वार्ड का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में डॉक्टर्स को मोबाइल पर बातचीत में समय नष्ट न करके रोगियों की जांच हेतु हिदायत दी। शर्मा ने मौसमी बीमारियों के लिए अलर्ट रहने और अस्पताल में मेडिसिन की उपलब्धता हेतु निर्देश दिए। शर्मा ने सभी वार्डों की सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के भी निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी, डॉ एसएस नारंग, मेडिकल ऑफिसर रमाकांत शर्मा सहित स्टाफ मौजूद रहा।




