






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2025। पूरा क्षेत्र स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की तैयारियों में व्यस्त है और ऐसे में गांव लिखमीसर उत्तरादा में मातम पसर गया है। गांव का बेटा 23 वर्षीय राकेश पुत्र किशनलाल जाखड़ की स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अकाल मौत का शिकार हो गया है। राकेश तीन वर्ष पहले भारतीय सेना बतौर अग्निवीर भर्ती हुआ था और बताया जा रहा है वर्तमान में जम्मू कश्मीर के लद्दाख सेक्टर में तैनात था। गुरूवार शाम को जवान मोटरसाइकिल पर अपनी परिवार में भाभी के साथ अपने गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में ऊपनी व बाना के बीच आने वाली गोलाई में एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा बस के नीचे धंस गया। बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और अग्निवीर बुरी तरह से जख्मी हो गया। अस्पताल लाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उपजिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे को मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना दी गई और परिजन अस्पताल पहुंच गए है। हैड कांस्टेबल देवाराम पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे व मामले की जांच कर रहें है। सूचना मिलने के साथ ही पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया भी उपजिला अस्पताल पहुंचे व घटना की जानकारी लेते हुए परिजनों को सांत्वना दी।
सैन्य सम्मान व शहीद के दर्जें की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हादसे में जवान की मौत के बाद जवान की सैन्य सम्मान से अंत्येष्टि और शहीद का दर्जा देने की मांग भी उठ रही है। घटना के बाद पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया मौके पर पहुंच गए। वहीं गांव से अनेक युवा भी उपजिला अस्प्ताल पहुंच गए है। महिया ने जवान की मौत पर सेना से सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टी करने व शहीद का दर्जा देने की मांग की है। गांव के ओमप्रकाश भुंवाल ने बताया कि पूरा गांव सैन्य सम्मान के साथ अंतेष्टी की मांग कर रहा है। ग्रामीणों ने स्वतंत्रता दिवस के दिन शुक्रवार सुबह उपजिला अस्पताल के बाहर बैठकर मांग को मजबूत करने की बात कही है। वहीं शहीद सम्मान समिति के सीताराम सियाग ने इस सबन्ध में जिला सैन्य अधिकारी से बात कर सैन्य सम्मान से अंत्येष्टि करवाने की मांग की है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था राकेश, विवाह के सपने संजो रहें थे परिजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राकेश तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके सेना में लगने के बाद परिजन उसके विवाह के सपने संजो रहें थे। वहीं उसकी अकाल मौत से परिजनों का हाल बेहाल है। गांव भर में मातम पसर गया है। हर कोई नम आंखो से परिजनों को सांत्वना दे रहा है।








