May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-08-17 at 12.28.57

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव बापेऊ निवासी एक ईमित्र संचालक ने श्रीडूंगरगढ़ स्थित बैंक के प्रबंधक के साथ मिल कर केसीसी करवाने के नाम पर बापेऊ के ही गांव के पिछ़डे वर्ग के किसान के साथ करीब 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। वर्ष 2023 में हुई ठगी के बाद अब जानकारी मिली तो परिवादी किसान ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है। श्रीडूंगरगढ़ थाने से मिली जानकारी के अनुसार बापेऊ निवासी रिकताराम मेघवाल ने बापेऊ निवासी नरेन्द्र पुत्र छोटूलाल राजपुरोहित एवं हाईस्कूल रोड़ स्थित एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक के खिलाफ जरीए इस्तगासा दर्ज करवाए गए मामले में धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए है। रिकताराम ने पुलिस को बताया कि उसे वर्ष 2023 में पैसों की जरूरत थी तो उसने अपने ही गांव के नरेन्द्र राजपुरोहित से सम्पर्क किया। नरेन्द्र श्रीडूंरगगढ़ में ईमित्र चलाता है एवं उसने बैंक प्रबंधक से अपनी जान-पहचान होने की बात कहते हुए केसीसी बनवा देने की बात कही। इस पर रिकताराम ने अपने संयुक्त खातेदारी खेत में अपने हिस्से की जमीन पर केसीसी करवा देने के लिए अपने कागजात उसे दे दिए। बाद में उसे अपने परिवार के अन्य सदस्य चूनाराम, पोमाराम, ज्याणीदेवी आदि को सहमती के नाम पर बैंक बुलाने को कहा। उसके परिजन आ गए एवं दोनो आरोपियों ने उनसे कई कागजों पर अंगुठे एवं हस्ताक्षर करवा लिए व उसके हिस्से के खेत पर 1.5 लाख रुपए की केसीसी होने की बात कहते हुए पैसे दे दिए। लेकिन अब फरवरी 2025 में बैंक से तकादा आया एवं 14 लाख रुपए की केसीसी बनने एवं ब्याज सहित 18 लाख रुपए बकाया हो जाने की बात कही। उसने बैंक आकर पता किया तो पता चला कि केवल उसके हिस्से की भूमि पर नहीं बल्कि पुरे परिवार के हिस्से की भूमि पर केसीसी करवा दी गई थी एवं पैसे आरोपी नरेन्द्र एवं तत्कालीन बैँक प्रबंधक हडप गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच एएसआई पूर्णमल को सौंपी गई है।