May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-08-21 at 09.24.38

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अगस्त 2025। एक युवक को उसके खेत से उठाकर भाग रहें आरोपियों को पुलिस ने लगातार पीछा कर पकड़ लिया। घटना नापासर थाना क्षेत्र की है। गांव कल्याणसर में बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक थार गाड़ी में सवार चार जनों ने एक खेत में काम कर युवक अजीतसिंह को जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस को युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस दो गाड़ियों में सवार होकर अपहरण करने वालों की खोजबीन में जुट गई। थार गाड़ी की लोकेशन का पता कर पुलिस ने पीछा किया और करीब एक घंटे बाद ही सेरूणा से राजेरा के बीच कच्चे रास्ते में थार को रोक लिया। पुलिस ने अजीतसिंह को बरामद कर गाड़ी में सवार सेरूणा निवासी दो सगे भाई जयकिशन और ओमप्रकाश जाट सहित महेंद्र सिद्ध व विजय गोदारा को पकड़ लिया व थाने ले गए। इत्तला मिलने पर दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में पुलिस थाने पहुंच गए और देर रात आपसी समझौता हो गया। थार सवार लोग अजीत के बड़े भाई को उठाकर ले जाने पहुंचे थे परंतु मौके पर अजीत मिला तो उसे गाड़ी में डालकर ले गए। नापासर पुलिस थाने के एसएचओ लक्ष्मण सुथार ने बताया कि घटना के संबंध में किसी तरह की रिपोर्ट नहीं दी गई है। थार गाड़ी जब्त कर पुलिस ने चारों युवकों को शांतिभंग में पाबंद किया।