






दुर्घटनाओं के मामलों को लोक अदालतों में भेजने का आह्वान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। न्यायालय परिसर श्रीडूंगरगढ़ में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सरिता नौशाद की अध्यक्षता में वकीलों की एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें एमएसीटी (मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण) प्रकरणों से संबंधित मामलों को लोक अदालत में रखे जाने, मध्यस्थता में रेफर करने, ऐसे प्रकरणों को अधिकाधिक रेफर करने पर विस्तृत चर्चा की। सरिता नौशाद ने ऐसे मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए इन्हें प्रमुखता से लोक अदालतों में भेजने की बात कही। बार संघ अध्यक्ष सत्यनारायण प्रजापत ने सभी वकीलों से ऐसे मामलों को लोक अदालत भेजने की अपील की। इस दौरान बैठक में अपर लोक अभियोजक सोहन नाथ सिद्ध, एडवोकेट जगदीश बाना, गणेशाराम, सुखदेव व्यास, तालुका कोर्ट के सचिव जगदीश चौधरी शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ के शिक्षक ने नोखा में किया नवाचार, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने की सराहना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा तहसील की ग्राम पंचायत जैसलसर की राउमावि हेमोलाई नाडी में इन दिनों बच्चे ही नहीं पूरा स्टाफ गणवेश में नजर आ रहा है। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की गणवेश लागू की गई है। श्रीडूंगरगढ़ के मूल निवासी व स्कूल के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार मीणा ने स्कूल में नवाचार करते हुए शिक्षकों के लिए गणवेश लागू करते हुए सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए परिचय पत्र भी अनिवार्य किया है। सोमवार को नोखा के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धन्नाराम प्रजापत ने मीणा के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षकों को परिचय पत्र पहनाए। प्रजापत ने कहा कि दो माह के अल्प समय में ही मीणा ने स्कूल में कई सकारात्मक प्रयोग किए है। स्कूल में विभिन्न संसाधन जुटाए व विद्यालय परिसर में हरित वाटिका की स्थापना की है जो सभी स्कूलों के लिए प्रेरणीय पहल है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मुकेश कुमार मीणा ने बोर्ड परीक्षा के उत्तम परिणाम का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रह्लादराम ने किया और इस अवसर पर स्टाफ, विद्यार्थी व अनेक मौजिज ग्रामीण भी उपस्थित रहें। विदित रहें श्रीडूंगरगढ़ में वैद्य मघाराम राउमावि, उदरासर में 15 अगस्त 2025 से पूर्व सभी शिक्षकों के लिए गणवेश व शिक्षकों व बच्चों के लिए आईडी कार्ड की अनिवार्यता लागू की गई। श्रीडूंगरगढ़ के अनेक महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालयों में भी शिक्षक व शिक्षिकाओं के लिए गणवेश लागू पूर्व से ही जारी है।

बिग्गा से झोरड़ा के लिए धूमधाम से रवाना हुआ हंसमुख संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा से आज सुबह झोरड़ा पैदल यात्री हंसमुख मंडल संघ धूमधाम से रवाना हुआ। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पदयात्रियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया। अध्यक्ष शांतिप्रकाश भाटी, मनोज भाटी, रामकिशन भाटी, रामगोपाल भाटी, सुरेंद्र सारण, राजू भाटी, शिवभगवान भाटी, दुर्गाराम भाटी सहित बड़ी संख्या में पदयात्री शामिल हुए है। ये पदयात्री पंचमी को हरीराम बाबा को धोक लगाकर अपनी मन्नतें पूरी करने की प्रार्थनाएं करेंगे।

धूमधाम से मनाया बाबा का जन्मोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के बिग्गाबास में गोपाल गौशाला के पास स्थित बाबा रामदेव मंदिर में सोमवार को बाबा के जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। मंदिर पुजारी लीलाधर भार्गव ने बाबा की महाआरती संपन्न करवाई व एक सौ एक किलो का प्रसाद भोग लगाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर शामिल हुए व आरती में भाग लिया। सभी को बाबा का प्रसाद वितरित किया गया।

“स्टूडेंट फॉर वन नेशन वन इलेक्शन” सम्मेलन के लिए पोस्टर का विमोचन, गोदारा सहित अनेक छात्रनेता रहें शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 30 अगस्त को जयपुर में “स्टूडेंट फॉर वन नेशन वन इलेक्शन” सम्मेलन का आयोजन होगा। इसे लेकर बीकानेर में रविवार रात केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम सुदंर पंचारिया ने पोस्टर का विमोचन किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के संभाग संयोजक मांगीलाल गोदारा, सुनील मेघवाल, भुपेंद्र शर्मा, महेंद्र ढाका, गजेन्द्र सिंह भाटी, काननाथ गोदारा, विक्रम सिंह सिसोदिया, राधै धायल, मानवेन्द्र सिंह, संतोष महाराज, श्यामसुंदर शर्मा, अर्जुन कड़वासरा, रत्न, विजय पाल कुकणा सहित अनेक छात्र नेता उपस्थित रहें। संभाग संयोजक मांगीलाल गोदारा ने छात्रनेताओं सहित जागरूक छात्रों से जयपुर पहुंच कर सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है।




