






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2025। आबादी के निकट स्थित एक खेड़ी में पड़ोसी से विवाद इस कदर बढ़ गया कि पड़ौसी ने परिवार सहित खेड़ी में घुसकर मारपीट कर डाली व महिला की लज्जा भंग की, मामले में पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है। बता देवें क्षेत्र के गांव बाडेला से दर्ज एक मामले के परस्पर दूसरे पक्ष का दूसरा मामला भी दर्ज हुआ है। परिवादिया पानादेवी पत्नी ओमप्रकाश जाट ने अपने खेड़ी के पड़ोसी किशनाराम पुत्र सुरजाराम जाट, उसकी पत्नी, पुत्र नरसाराम व पुत्री सरोज के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गांव बाडेला की आबादी के पास ही उसके परिवार की संयुक्त खोतदारी की खेड़ी स्थित है। जिसमें पूर्वी तरफ की करीब आधा बीघा भूमि परिवार ने सरकारी टयूबवेल के लिए दे रखी है। शेष भूमि पर पट्टियां रोपकर तारबंदी कर रखी है। हमारी खेड़ी में हमने मुंग की फसल काश्त कर रखी है। खेड़ी के पास ही गांव की आबादी में हमारे रिहायशी मकान बने हुए है। इस खेड़ी के उत्तर पूर्वी तरफ का पड़ोसी किशनाराम जाट का घर स्थित है। आए दिन आरोपी हमारे खेड़ी में तारबंदी को तोड़कर अपने पशुओं को हमारी खड़ी फसल में चरने के लिए छोड़ देता है। 23 अगस्त की शाम को करीब 3.30 बजे सी परिवादिया व उसके पति ओमप्रकाश पुत्र अन्नाराम जाट व उसका देवर कानाराम पुत्र सीताराम खेड़ी में ही मूंग की फसल में नीनाण कर रहे थे। तभी आरोपी किशनाराम ने खेड़ी की तारबंदी को तोड़कर अपनी गायें खेड़ी में घुसा दी। पति व देवर ने उसे ऐसा करते हुए देखा तो उसे मना करते हुए अपनी खेड़ी की सिंव के पास गए। तभी चारों आरोपी हाथों में लाठी, कुल्हाड़ी व पत्थर लेकर आए और खेड़ी में घुसकर पति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया जिससे पीड़िता का पति नीचे गिर गया। तभी देवर कानाराम बीचबचाव करने आया तो कुल्हाड़ी से उसके हाथ के बाजू पर वार कर चोटिल कर दिया। आरोपी नरसाराम ने बदनियती से पीड़िता की लज्जा भंग की और उसके पति व देवर को नीचे पटक कर लातों से मारने लगे। पीड़िता के शोर मचाने पर ससुर अन्नाराम व ताऊ ससुर मोहनराम मौके पर आए और आरोपियों को दकाला तो आरोपी वहां से चले गए और अपने घर खड़े होकर हमारी ओर पत्थर फैंकने लगे। परिवादिया ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल बलवीरसिंह को दी है।
इससे पूर्व किशनाराम की पत्नी लिछमा ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ परस्पर मामला दर्ज करवाया, पढें पहले मामले की पूरी खबर:- https://sridungargarhtimes.com/entered-the-house-with-sticks-and-beat-up-the-family-vandalised-the-house-and-injured-them/



