






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अगस्त 2025। ऋषि पंचमी पर गुरूवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध पूनरासर धाम में तीन दिवसीय मेला हर्सोल्लास के साथ प्रारंभ हो गया है। बीकानेर जिले सहित प्रदेशभर से ही नहीं श्रद्धालु हरियाणा, पंजाब, यूपी, एमपी, दिल्ली से भी बाबा के धोक लगाने पहुंचने लगे है। शुक्रवार व शनिवार को मेला पूर्ण परवान पर रहेगा। आज दोपहर बाद से पैदल यात्रियों के जत्थे पहुंचने लगेंगे। श्रद्धालु चूरमा बनाकर बाबा को भोग लगा रहें है और अपनी मन्नतें मांग रहें है। भक्त खेजड़ी बालाजी मंदिर में भी मत्था टेक कर प्रसाद भोग लगा रहें है। पुजारी ट्रस्ट ने जयराम धर्मशाला में भंडारा लगाया है। ट्रस्ट के मंत्री महावीर बोथरा ने बताया कि पुजारी परिवार के विभिन्न शहरों में रहने वाले सदस्य भी मेले की व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं दे रहें है। श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट द्वारा मेले की व्यवस्थाओं में बढ़चढ़ कर योगदान दिया जा रहा है। ट्रस्ट सदस्यों ने गुरूवार को मेले का अवलोकन भी करते हुए ट्रस्ट की सेवाओं को दुरस्त किया।
आज वाहन जाएंगे अंजनी माता मंदिर तक ही।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार व शनिवार को मेले में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए, अंजनी माता मंदिर तक ही बसों व अन्य वाहनों के ठहराव को स्वीकृति दी है। यहीं चौपहिया व तिपहिया वाहनों का ठहराव किया जाएगा। वहीं गांव की पीएचसी में मोटरसाइकिल स्टैंड बनाया गया है। यात्रियों की सहायता के लिए मंदिर के मुख्य द्वार पर जिला प्रशासन ने मेला कंट्रोल रूम बनाया है।
एएसपी ने पुलिस मित्र योजना का शुभारंभ किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मेले के प्रथम दिन गुरूवार को एएसपी ग्रामीण कैलाश सांधू ने पुलिस मित्र योजना का शुभारंभ किया। सांधू ने बताया कि मेले में 200 पुलिस मित्र सक्रिय रहेंगे और पुलिस की मदद करेंगे। इन पुलिस मित्रों के लिए श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट द्वारा 200 कैप सहित टी शर्ट बनवाई गई है। इस दौरान सीओ निकेत पारीक व सेरूणा एसएचओ पवन शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी अशोक शर्मा मौजूद रहें। ट्रस्ट के जुगराज सिरोहिया, बजरंग पारीक, मोटूलाल हर्ष, रमेश व्यास व तुलसीदास ने इनका साफा, दुपट्टा व माला पहना कर सम्मान किया।
विधायक व एसडीएम ने किया मेले का अवलोकन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मेला प्रारंभ होने पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत व उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने मेले का अवलोकन किया। इस दौरान बारीदार पुजारी डालचंद बोथरा व पुजारी ट्रस्ट, श्री पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट के सदस्यों ने मेले की व्यवस्थाओं के बारे में एसडीएम को जानकारी दी। शर्मा ने शांति व सुरक्षा के लिए तय मानकों का पालन करने की बात कही। इस दौरान अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता सहित प्रशासनिक कार्मिक मौजूद रहें।





