






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितंबर 2025। क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा बकाया बिलों की वसूली के लिए खेतों से ट्रांसफार्मर उतारने की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले अनेक किसान एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और ट्रांसफार्मर उतारने की कार्रवाई का कड़ा विरोध दर्ज कराया। किसानों ने आरोप लगाया कि विभाग बकाया बिलों की वसूली के नाम पर पुलिस बल के साथ किसानों को डराकर उनके खेतों से ट्रांसफार्मर उठा रहा है, जबकि इस समय किसानों की फसल पकाव पर है। सभा के नेताओं ने कहा कि किसान बिल चुकाने को तैयार हैं, लेकिन विभाग को अपनी मनमानी छोड़कर मानवीय व्यवहार अपनाना होगा। संगठन ने ट्रांसफार्मर उतारने की कार्रवाई नहीं रोके जाने पर आगामी सोमवार को विभाग का घेराव करने की चेतावनी दी।
उपखंड कार्यालय पहुंच की एसडीएम से मुलाकात।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान एक्सईएन कार्यालय से उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। यहां किसानों ने गोजा लट व कातरे से किसानों की फसल को हुए नुकसान की स्पेशल गिरदावरी करवाने की मांग दोहराई। सभा सदस्यों ने किसानों की समस्याओं पर संज्ञान नहीं लेने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान माकपा तहसील सचिव मुखराम गोदारा, किसान सभा तहसील अध्यक्ष भंवरलाल भुवाल, सचिव राजेंद्र जाखड़, देवीसिंह भाटी, सरपंच सुनील, लालूराम सारण, गिरधारीलाल जाखड़, सतुनाथ सिद्ध, शेखर रैगर, मामराज गोदारा, मुकेश ज्याणी, गौरव टाडा, राजू सारण, दौलतराम मेघवाल, मदन प्रजापत सहित अनेक किसान मौजूद रहे।





