May 22, 2026
WhatsApp Image 2025-09-17 at 10.56.52

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 सितंबर 2025। गहने बनाने के लिए एक ग्रामीण ने सुनार को लाखों की नगदी व ठीक करने के लिए सोना चांदी दिए। सुनार ने मरम्मत के लिए दिए गहने भी नहीं लौटाए और नए बनाकर ना गहने दिए ना ही रूपए लौटाए तो पीड़ित करीब दो साल बाद थाने पहुंचा और ज्वेलर्स के खिलाफ विश्वासघात करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। सेरूणा थाने के एएसआई महेंद्रसिंह ने बताया कि पूनरासर निवासी ओमनाथ पुत्र नानूनाथ सिद्ध ने इसी गांव के कमल पुत्र हनुमान सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी कर सोना, चांदी व नगदी हड़प लेने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे पवन ने आरोपी कमल को 4 ग्राम सोने का टड्डा व एक पायजेब की जोड़ी मरम्मत करने के लिए दी। उसके बाद परिवादी ने रिश्तेदार के घर में विवाह के लिए 16 अप्रैल 2023 को आरोपी से गहने बनवाने की बात की और 22 सितंबर 2023 को 3 लाख 50 हजार रूपए नगदी दिए। 16 अक्टूबर 2023 को रिश्तेदार के लड़के का विवाह था, तो पांच दिन पहले परिवादी ने आरोपी से गहने मांगे तो उसने फोन स्विच ऑफ कर लिया। वह बीकानेर के बंगला नगर में आरोपी के पीछे जाकर मिला तो उसने गहने नहीं बनाकर देने की बात कहते हुए रूपया 15 दिन लौटा देने की बात कही। अब तक आरोपी ने गहने या रूपए दोनों ही नहीं लौटाए। आरोपी रूपए होने पर लौटा देने और मांगने पर मरवा देने की बात कहते हुए धमकाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई महेंद्र सिंह को सौंप दी है।