May 22, 2026
WhatsApp Image 2025-09-19 at 21.38.45

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 सितम्बर 2025। आम जनता में जागरूक युवा ही पुलिस के आंख, कान एवं नाक होते है व पब्लिक पुलिसिंग से ही अपराधों पर रोकथाम संभव है। इस बात को साबीत किया शुक्रवार को क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान के जागरूक युवाओं ने। गुरूवार रात को धीरदेसर चोटियान के पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया की हत्या के बाद मुख्य आरोपी उसका सगा भतीजा बलवीर चोटिया फरार हो गया था। उसके बाद से ही परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर शव को उठाने से मुकर गए एवं पुलिस भी सरगर्मी के साथ आरोपी की तलाश में जुट गई। ऐसे में पब्लिक पुलिसिंग से आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी सरदारशहर से कित्तासर आने वाली बस में सवार था एवं आरोपी की पहचान बस में सवार गांव लिखमादेसर निवासी एक युवक ने कर ली। लिखमादेसर के इस ग्रामीण ने गांव धीरदेसर चोटियान के युवकों को आरोपी के बस में सवार होने की सूचना दी। इसके बाद धीरदेसर चोटियान के युवकों ने पुलिस को सूचना देते हुए अपनी मोटरसाईकिलों पर बस तक पहुंचें एवं आरोपी युवक की शिनाख्त भी कर ली। बस गांव धीरदेसर चोटियान तक पहुंचती उससे पहले ही पुलिस भी पहुंच गई एवं पुलिस को देख बस रोकने से पहले ही आरोपी युवक चलती बस से उतर कर खेतों में भाग छूटा। जहां पुलिस जवानों ने करीब आधा किलोमीटर तक उसके भाग कर पीछ़ा किया एवं धरदबोचा। मुख्य आरोपी के पुलिस गिरफ्त  में आने के बाद ही परिजनों ने श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय के आगे से धरना उठाया एवं शव लेकर गांव पहुंचें। जहां गमगीन माहौल में पूर्व सरपंच कर अंतिम संस्कार किया गया।

मामला दर्ज, 7 नामजद पर लगाए यह आरोप।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया की हत्या के मामले में मृतक के पुत्र रामनिवास ने अपने चाचा पूर्णाराम, चाची गीतादेवी एवं चाचा के बेटे बलवीर, शंकरलाल, बरजंगलाल, ओमप्रकाश, किशनलाल के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया है। रामनिवास ने पुलिस को बताया कि वह अपने बच्चों के साथ ढ़ाणी में रहता है एवं उसके माता-पिता गांव के घर में रहते है। शुक्रवार सुबह उसके ताऊ के बेटे भाई का फोन आया कि उसके पिता की हत्या हो गई है। इस पर वह गांव पहुंचा तो देखा कि उसके पिता का शव घर की चौकी पर पड़ा था एवं उनके कनपटी पर अंदर तक कुल्हाड़ी धंसी हुई थी। आरोपियों के साथ पुराना विवाद चल रहा था एवं गुरूवार शाम को आरोपियों ने गांव की गुवाड़ में ऐलानिया जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोपियों ने रात को उसके घर में घुस कर उसके पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार करेगें।

कई मामले पहले से दर्ज, आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी बलवीर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व सरपंच की हत्या करने में मुख्य आरोपी बलवीर चोटिया आदतन अपराधी है एवं उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में 7-8 मामले दर्ज है। पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बलवीर के खिलाफ मृतक मेघराज के साथ करीब साल भर पहले रात्री में घर में घुस कर मारपीट करने, नकदी लूट ले जाने का मामला भी चल रहा था एवं करीब पांच वर्ष पहले गांव की गुवाड़ में मृतक के साथ मारपीट करने का मामला भी न्यायालय में चल रहा है।

देखें आरोपी को धर दबोचने का वीडियो- https://www.facebook.com/share/v/14KQZGMbSfU/