May 21, 2026
0000000000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2025। कल सुबह 10 बजे गांधी पार्क से उपखंड कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली जाएगी। शहर में मंगलवार को पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया के कार्यालय में रेहड़ी-गाड़ा, फल-सब्ज़ी विक्रेता यूनियन व मनिहारी यूनियन की संयुक्त बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में नगर पालिका प्रशासन द्वारा रेहड़ी-ठेला वालों को काम नहीं करने देने और लगातार परेशान करने के आरोप लगाते हुए विक्रेताओं ने गहरा आक्रोश जताया। बैठक को संबोधित करते हुए एसएफआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश ज्याणी, गौरव टाडा, सुभाष जावा और गिरधारी जाखड़ ने रेहड़ी-ठेला विक्रेताओं को रोज़गार से वंचित करना सीधा-सीधा मजदूर विरोधी रवैया बताया है। सभी वक्ताओं ने रेहड़ी-ठेला व मनिहारी यूनियन को स्थाई जगह उपलब्ध करवाए जाने की पैरवी करते हुए एक पालिका कार्मिक के खिलाफ भी नाराजगी जताई। स्थाई जगह की मांग को लेकर कल 24 सितंबर को गांधी पार्क से उपखंड कार्यालय तक विशाल आक्रोश रैली निकालने की घोषणा की। यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि अगर स्थाई जगह उपलब्ध नहीं करवाई गई तो आंदोलन उग्र होगा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में शामिल हुए रेहड़ी, ठेला और मनिहारी यूनियन के सदस्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एसएफआई ने सभी ठेला संचालकों से किया संपर्क।