






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितम्बर 2025। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव उत्तमामदेसर में चल रहे टोल विरोधी आंदोलन आखिर 12वें दिन की रात 12 बजे सफलता के साथ पूर्ण हुआ। हालांकि इससे पहले सोमवार को टोल प्लाजा के बैरीकेटिंग हटाने की घटना में जसरासर थाने के एएसआई रविन्द्र सिंह ने 9 नामजद नेताओं के साथ 4-5 अन्य के खिलाफ टोल प्लाजा में तोड़फोड, कार्मिकों से मारपीट करने का मामला जसरासर थाने में मंगलवार को दर्ज करवाया गया है। मामला दर्ज होने के बाद आंदोलनकारियों में आक्रोश और अधिक बढ़ गया एवं आंदोलनकारियों की संख्या और अधिक बढ़ गई। आखिरकार आंदोलनकारियों के मजबूत इरादों को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की मध्यस्थता से टोल-प्लाजा एवं आंदोलनकारियों का समझौता मंगलवार देर रात करीब 12 बजे हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार समझौते में टोल प्लाजा के पास के गांव लालमदेसर छोटा, बड़ा, साधासर, उत्तमामदेसर, कुचौर आथुणी इन पांच गांवों के सभी चारपहिया वाहन पूर्णतया टोल मुक्त रहेगें एवं इनसे अधिक दूरी के गांव लिखमीसर दिखणादा, मसूरी, बिदासरिया, कुचौर अगुणी के सभी चारपहिया वाहनों का टोल 300 रुपए महीने के मासिक पास पर सहमति बनी। इनके साथ ही टोल प्लाजा के 15 किलोमीटर दूरी के सभी गांवों के चार पहिया वाहनों का 700 रुपए मासिक का पास बनाने पर सहमति बनी है। मांगें माने जाने के बाद ग्रामीणों एवं आंदोलनकारियों ने खुशियां मनाते हुए आंदोलन समाप्त किया।
ये शामिल रहे वार्ता में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जसरासर से बीकानेर तक बनी इस नई सड़क पर टोल प्लाजा उत्तमामेदसर में बनाया गया है एवं टोल प्लाजा के नजदीक के गांवों को टोल मुक्त करने का आंदोलन गत 12 दिनों से चल रहा था। आंदोलन में प्रतिदिन आंदोलनकारियों की संख्या एवं गुस्सा दोनों बढ़ रहे थे। ऐसे में मंगलवार रात करीब 12 बजे हुए समझौते में प्रशासन की सक्रियता रही। समझौता वार्ता में श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, कांग्रेस नेता हरिराम बाना, डॉ विवेक माचरा, राजेन्द्र मेघवाल, नोखा प्रधान प्रतिनिधि आत्माराम तर्ड, साधासर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि रामकिशन तर्ड, मगनाराम केडली, कुचौर पूर्व सरपंच रामनिवास रिंटोड़, गोपाल रिंटोड़, कुचौर अगुणी के धन्नाराम फौजी, लालमदेसर छोटा से सांवताराम, बड़ा से मालाराम, मसूरी से संग्रामसिंह हुड़्डा, पूर्व सरपंच नत्थाराम मेघवाल, राजू पोटलिया, प्रेम हुड्डा, अुर्जुनराम बेनीवाल, साधासर से पूर्व सरपंच भंवरलाल तर्ड, रामचंद्र नाथ तर्ड, केसूराम तर्ड, उत्तमामदेसर से विजयपाल तर्ड, मोहनलाल गोदारा, श्यामसुंदर विश्नोई, छात्रनेता अशोक बुडिया आदि शामिल रहे वहीं प्रशासन की ओर से एडिशनल एसपी कैलाशदान सांदू, सीओ नोखा हिमांशू शर्मा, एसडीएम नोखा गोपाल जांगीड़, तहसीलदार जसरासर गौरव छींपा, एसएचओ जसरासर रामकेश मीणा, सड़क विभाग के सहायक अभियंता एवं टोल प्लाजा के प्रबंधक शामिल रहे।
पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों सहित 9 नामजद, 4-5 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज, जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। टोल प्लाजा पर सोमवार को हुई बड़ी सभा के दौरान टोल फ्री करने पर सहमति नहीं बनी तो आंदोलनकारियों ने टोल प्लाजा के बैरिकेटिंग हटा दिए थे। उस प्रकरण में मंगलवार को जसरासर थाने में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, युवा नेता विवेक माचरा, रामिनवास कुकणा, राजेन्द्र मेघवाल, नीरू चौधरी, आत्माराम तर्ड, मगनाराम केडली को नामजद किया गया है। इन सभी पर आरोप लगाया गया है कि इन्होंने हजारों लोगों के साथ टोल प्लाजा पर कब्जा करने का प्रयास किया एवं दोपहर तीन बजे से रात 10 बजे तक हाईवे पर रास्ता रोक दिया। इससे हजारों यात्री परेशान रहे व इस दौरान इन्होने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की, टोल के सीसीटीवी व अन्य सामान तोड़ दिए। वहीं मामला दर्ज किए जाने का सभी नेताओं ने रोष जताया है। डॉ विवेक माचरा ने मामला दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सत्ता और राज के इस कृत्य का करारा जवाब जनता देगी।









