






वीर बिग्गाजी महाराज के बिग्गा व रीड़ी में मेले शनिवार व रविवार को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के लोक देवता व जनआस्था का केंद्र वीर बीग्गाजी महाराज का दो दिवसीय मेला शनिवार व रविवार को होगा। शीश देवली धाम रीड़ी और धड़ देवली धाम बिग्गा दोनों ही स्थानों पर जागरण व दर्शन के आयोजन होंगे। मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। बिग्गा में वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं ने दूरदराज से आने वाले पैदल यात्रियों के लिए भंडारे सहित विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं का प्रबंध करने में जुटे है। शनिवार सुबह से ही श्रद्धालुओं के जत्थे दूर दूर से मंदिर पहुंचना प्रारंभ हो जाएंगे। मेला कमेटी के सदस्यों ने अलग अलग टीमें बनाकर व्यवस्थाएं दी गई है। मेले में पुलिस जवानों की तैनाती भी होगी। वहीं मंदिर परिसर के बाहर प्रसाद, खिलौने, कृषि यंत्रों, मनिहारी सामानों, फल फ्रूट की अस्थाई दुकानें सजना सजनी शुरू हो गई है।

उदरासर से सुबह रवाना होगा पैदल यात्री संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कल गांव उदरासर में लोक देवता वीर बिग्गाजी महाराज के दर्शनार्थ गांव बिग्गा के लिए पैदल यात्री संघ रवाना होगा। ओमप्रकाश जाखड़ ने बताया कि विधि विधान से सुबह सवा नौ बजे पूजन अर्चना के बाद बिग्गाजी के भक्त जयकारों के साथ रवाना होंगे। संघ के पदयात्री बिग्गा में आयोजित शनिवार रात्रि जागरण में शामिल होंगे। संघ सदस्यों ने पदयात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
गांव सुरजनसर से अखंड ज्योत के साथ सुबह रवाना होगा संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार सुबह सवा आठ बजे गांव सुरजनसर से अखंड ज्योत के सालासर पैदल यात्री संघ रवाना होगा। संघ अध्यक्ष भंवरलाल शर्मा ने बताया कि संघ की इस बार 18वीं फेरी होगी। सभी पदयात्री ठाकुरजी मंदिर में विशेष पूजा अर्चना में भाग लेंगे और अखंड ज्योत के साथ रवाना होंगे। सभी यात्री संध गणवेश सफेद टीशर्ट, सफेद पायजामा व लाल दुपट्टा में होंगे। हनुमान डूडी ने बताया कि गांव से करीब 200 पदयात्री गाजे बाजे के साथ रवाना होंगे। विशाल संघ की यात्रा संबंधी सभी तैयारियां कर ली गई है।
पापमोचनी एकादशी पर दानदाताओं ने की गौसेवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइमस। कोटासर की श्रीकरणी गौशाला में पापमोचनी एकादशी पर दानदाताओं ने गौसेवा में बढ़ चढ़ कर सहयोग दिया। मुंबई प्रवासी व श्रीडूंगरगढ़ निवासी सुरेंद्र कुमार छाजेड़ परिवार सहित गौशाला अवलोकन के लिए पहुंचे और गौवंश को गुड़ खिलाकर सेवा दी। गंगाशहर निवासी राजेंद्र कुमार जोशी एवं पारेवड़ा निवासी कैलाश कुमार, बजरंग लाल सुथार ने भी परिवार सहित गुड़ सेवा का लाभ लिया। समिति के मांगीलाल सुथार और गौशाला सदस्यों ने दानदाताओं को दुपट्टा पहना कर, गौशाला का स्मृति चिह्न देकर आभार जताया।




