






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अक्टूबर 2025। देर रात कस्बे सहित कई गांवो में मौसम बदल गया और कहीं मध्यम तो कहीं तेज बरसात हुई है। रविवार रात को मौसम बदल गया और करीब सवा ग्यारह बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। रविवार को मौसम विभाग ने राजस्थान में मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया। विभाग ने 5 व 6 अक्टूबर को जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर संभाग में तेज हवाओं की संभावना जताई। आज 6 अक्टूबर के लिए विभाग ने बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, नागौर में ऑरेंज अलर्ट और दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, पाली, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, जालोर, जोधपुर में येलो अलर्ट जारी किया है।
बारानी फसलें चौपट, किसान मायूस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में उदरासर, डेलवा, लोढेरा, मणकरासर, बीरमसर, समंदसर, पूनरासर, धीरदेसर चोटियान, ऊपनी, बिग्गा की रोही में देर रात तेज बरसात हुई। श्रीडूंगरगढ़, तोलियासर में तेज बरसात हो रही है। आज सुबह भी इन इलाकों के आसपास झमाझम बरसात जारी है। कस्बे में बरसात से बाजार में कीचड़ हो गया है वहीं बारानी किसान बुरी तरह से मायूस हो गए है। श्रीडूंगरगढ़ रोही के किसान हरी जाखड़ ने बताया कि ग्वार में मोठ में नुकसान हो गया। डेलवां के महेंद्र डेलू ने बताया कि किसान धान को एकत्र करने में लगे हुए थे और बरसात ने सब चौपट कर दिया है। समंदसर के किसान गोपालराम शर्मा ने बताया कि बारानी चौपट कर दी बरसात से, बारानी किसानों की उम्मीदे ही टूट गई है। धीरदेसर चोटियान के रामलक्ष्मण चोटिया ने बताया कि बरसात ने सभी फसलों में नुकसान किया है। किसान को इस बरसात से नुकसान होगा।














