






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2025। क्षेत्र के प्रसिद्ध विश्व रक्षक भैरव मंदिर तोलियासर धाम में दशहरे से पूर्णिमा तक चार दिन मेले का माहौल रहा। पंजाब, हरियाणा व राजस्थान और बीकानेर जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे व बाबा के दरबार में माथा टेककर धोक लगाई। मेले के दौरान वाहनों की कतारों व भीड़ से ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई। श्रद्धालुओं सहित ग्रामीणों को भारी परेशानी का अनुभव हुआ। बस स्टैंड के पास ही श्रीडूंगरगढ़ निवासी सत्यनारायण सोनी ने अपनी मोटरसाइकिल पार्क की जो सोमवार को चोरी हो गई। सोनी ने दो दिन बाइक को तलाशा पर बाइक नहीं मिली। पुलिस को घटना की परिवाद भी दी है।
मेले में एक भी पुलिसकर्मी नहीं, ग्रामीण नाराज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंदिर में हुए विवादित मूर्ति प्रकरण के बाद मंदिर की व्यवस्था प्रशासन के जिम्मे दी हुई है। ऐसे में मेले के दौरान प्रशासन द्वारा यहां किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं किए जाने की बात कहते हुए सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह राजपुरोहित ने कड़ी नाराजगी जताई। राजपुरोहित ने बताया कि पुलिस व प्रशासन से मेले में व्यवस्था करने व पुलिस कर्मियों की तैनाती किए जाने का आग्रह भी किया गया, परंतु कोई सुनवाई नहीं की गई। जिसका खामियाजा श्रद्धालुओं व ग्रामीणों को भुगतना पड़ा। व्यवस्था केवल जागरूक युवाओं के भरोसे ही थी और उन्होंने ही प्रयास किए। ग्रामीणों ने बताया कि तोलियासर मेले में आपराधिक घटनाएं लगातार हो रही है। यहां हत्या, लूट व सड़क दुर्घटनाएं जैसी दु:खद वारदातें गत वर्षों में हुई है। गत मेले में भी चेन स्नेचिंग में लिप्त एक महिला गिरोह पुलिस द्वारा पकड़ा गया था। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे में पुलिस व प्रशासन की अनदेखी नागरिक सुरक्षा व व्यवस्था के लिए उचित नहीं और ये लापरवाही भारी पड़ सकती है।





