May 21, 2026
2023-specilssssssss

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति के लिए गुरुवार को खोले गए टेंडर्स में कोई भी टैंडर सफल घोषित नहीं हुआ। पहले जहां पांच साल के अनुभव की शर्त थी, जिसे घटाकर दो साल कर दिया गया। अब दो साल के अनुभव वाले टैंडर भी नहीं आ रहें है। शर्त की पालना न करने का खामियाजा बीकानेर जिले की किसानों को भुगतना पड़ सकता है। इसी वित्तीय वर्ष की निविदाओं की शर्तों में ऐसा बदलाव किया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की तिथि नजदीक आ रही है लेकिन बीकानेर, लूणकरणसर और श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समितियों के खरीद केन्द्रों पर हैंडलिंग और परिवहनकर्ता की नियुक्ति अब तक नहीं हुई है। सहकारिता विभाग के प्रयास नाकाफी नजर आ रहे हैं। जब तक समितियों में हैंडलिंग और परिवहन कर्ता की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक समर्थन मूल्य का खरीद कार्य भी शुरू नहीं किया जा सकता। अधिकारी खरीद कर लेंगे तो खरीदी हुई फसल को रखेंगे कैसे? इसी सवाल का जवाब विभाग के आला अफसरों के पास नहीं है। यदि समय रहते ये टैंडर नहीं हुए तो समर्थन मूल्य पर तय समय पर खरीद नहीं हो सकेगी। इस गंभीर विषय पर भी विभागीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसे सहकारिता विभाग की बड़ी लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य की खरीद इसी टैंडर पर टिकी हुई है। ये भी आरोप लगाया जा रहा है कि जानबूझकर ऐसी शर्तों को जोड़ा गया है कि टैंडर ही नहीं हो और अंतिम समय में आनन-फानन में चहेतों को ठेके देकर काम करवाया जाये। इस बारे में सहकारिता विभाग के उप रजिस्ट्रार कैलाश चंद्र सैनी ने बताया कि टैंडर की शर्तों के अनुसार फर्में नहीं मिल पाई। हमारा काम टैंडर करवाने का है, अब आगे राजफैड के हाथ में है। दोबारा, टैंडर भी कर सकते हैं।