August 30, 2026
2023-specilsssssssssssssss

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2025। कालूबास में नवस्थापित लर्न एंड फन स्कूल द्वारा दीपोत्सव पर सामाजिक उत्तरदायित्व के भाव के साथ कस्बे की सेवा बस्तियों में नन्हें मुन्ने बच्चों के साथ खुशियां बांटी गई। स्कूल के स्टाफ सहित बच्चे शुक्रवार शाम को सेसोमू स्कूल के पीछे, पुलिस स्टेशन के पास, रेलवे स्टेशन के पास, बॉम्बे कॉलोनी के पास स्थित सेवा बस्तियों में पहुंचे और अपने हाथों से बच्चों को मिठाई, पटाखे उपहार में दिए। स्कूल की प्रधानाचार्य विनिता सारस्वत ने बच्चों को त्योहार पर फिजूलखर्ची नहीं करके मानव सेवा व सहयोग करते हुए जरूरतमंद परिवारों में खुशियां बांटने की प्रेरणा दी। सारस्वत ने बच्चों को जरूरतमंद परिवारों के जीवन में मुश्किलों व चुनौतियों को बताते हुए सदैव उनका सहयोग करने की बात कहते हुए सभी के साथ समान व्यवहार करने की समझाईश की। उन्होंने जीवन में जरूरतमंदों व दिव्यांगो के लिए करूणा व दया का भाव रखने, किसी का अपमान नहीं करने की बात कही। सेवा बस्तियों के बच्चे प्रसन्न हुए व स्कूल के बच्चों को भी दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी। शुक्रवार को अवकाश के दौरान स्कूल का स्टाफ भी सक्रिय रहा और बच्चों को भी इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्कूल बुलाया गया। सारस्वत ने सभी बच्चों व अभिभावकों का आभार जताया।