






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चिड़पड़नाथजी की बगीची में गुरूवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में एकत्र हुए और घर घर पहुंच कर संपर्क का संकल्प लिया। खंड संघचालक आसाराम पारीक ने बताया कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर “ध्येय यात्रा के 100 वर्ष” पुस्तक का विमोचन किया गया। आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा में संघ के स्वयंसेवक व्यापक गृह संपर्क अभियान के तहत भारत माता के चित्र और ध्येय यात्रा के 100 वर्ष नामक पुस्तक को प्रत्येक हिंदू घर तक पहुंचाएंगे। हिंदू समाज को संगठित और जागृत करने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंडल स्तर पर पथ संचलन के बाद अब व्यापक गृह संपर्क अभियान तथा जनवरी माह में हर मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। नगर संघ चालक विनोद कुमार ने बताया की स्वयंसेवक इन पत्रों और पुस्तकों के माध्यम से संघ के ध्येय तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं समरसता भाव को लेकर प्रत्येक हिंदू के घर पर पहुंचेंगे। पुस्तक विमोचन के दौरान संघ के कार्यकर्ता एवं समाज के अनेक मौजिज लोग शामिल रहें।




