May 21, 2026
00000_

चामुण्डा माता मंदिर में घुसे चोर, गहने, छत्र व लाखों रूपए सहित लड्डू गोपाल भी चुराए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निकटवर्ती कालू स्थित काली माता मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात के बाद एक और मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। जिले भर में चोर अब मंदिरों को निशाना बना रहें है। गजनेर थाना क्षेत्र में मेघासर में स्थित चामुण्डा माता मंदिर में 23 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर घुसे और बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुजारी आसकरण पुत्र दीपाराम उपाध्याय ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि चोरों ने करीब 5 किलो वजनी 9 चांदी के छत्र, मूर्ति के गले में पहना सोने का डेढ़ भरी का लोकेट, चांदी के बर्तन, अष्टधातु के लड्डुगोपाल, चांदी का नंदी सहित दान पात्र से गत दो वर्ष में एकत्रित करीब पांच छह लाख रूपए चोरी कर ले गए।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई वीरेंद्रसिंह को दी है।
अस्पताल ले गए तो जान से हाथ धो बैठोगे, का झांसा देकर कथित तांत्रिक ने किया झाड़-फूंक, युवक की मौत, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अस्पताल ले जान पर जान चली जाने का झांसा देकर एक कथित तांत्रिक ने ईलाज का दावा करते हुए झाड़ फूंक की क्रियाएं की, परंतु युवक की मौत हो गई। परिजनों ने कथित तांत्रिक के खिलाफ खाजूवाला थाने में मामला दर्ज करवाया है। खाजूवाला क्षेत्र में गांव 3 पीडब्ल्यूएम निवासी युवक 26 वर्षीय मोहनलाल मेघवाल निवासी की जान चली गई। पुलिस के अनुसार मोहनलाल की तबियत बिगड़ने पर परिवार के लोगों के संपर्क में रावला थाना क्षेत्र के चक 12 केएनडी निवासी एक कथित तांत्रिक लालचंद नायक आया। परिजनों का आरोप है कि तांत्रिक ने खुद को बीमारी ठीक करने में सक्षम बताया और उन्हें अस्पताल में डॉक्टर के पास नहीं ले जाने की बात कही थी। इसके लिए परिवार ने तांत्रिक को 25 हजार रूपए भी दिए। लेकिल इलाज के नाम पर झाड़ फूंक के दौरान मोहनलाल की हालत लगातार बिगड़ती गई। जब परिजनों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे उपजिला अस्पताल पहुंचाया, तब तक मोहन की मौत हो चुकी थी। युवक की मौत से गुस्साए परिनजों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कथित तांत्रिक लालचंद को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की। परिवार ने कथित तांत्रिक के खिलाफ आरोप लगाए है। मृतक के पिता अमीचंद्र मेघवाल ने लालचंद्र नायक, जगदीश नायक व पावली के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। अमीचंद्र ने बताया कि वह मोहन को ईलाज के लिए सरकारी अस्पताल लाने को तैयार था पर लालचंद ने मोहन के ऊपर तंत्र मंत्र करवाए होने की बात कह कर ईलाज कर देने का दावा करते हुए अस्पताल ले जाने पर मौत हो जाने का डर भी दिखाया। शुक्रवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई श्रवणकुमार को दी है।
कीटनाशक के असर से किसान ने गवांई जान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइमस। लूणकरणसर थाना क्षेत्र में चक 247 आरडी भाडेरा निवासी किसान शेराराम मेघवाल की कीटनाशक के असर से प्राण गवां दिए है। मृतक के बेटे पूनमचंद ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसके पिता शुक्रवार को खेत में सरसों की फसल का बीजान करने के लिए खाद व बीज में किटनाशक दवा का छिड़काव कर रहें थे। जिससे कीटनाशक के असर से उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मर्ग दर्ज कर जांच थानाधिकारी को दी है।