






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2025। दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पति सहित चार जनों के खिलाफ एक महिला ने थाने में मामला दर्ज करवाया है। कस्बे के मोमासर बास निवासी मनीषा पुत्री संजय कुमार नाई ने मोमासर बास निवासी अपने पति नरेंद्र पुत्र रामलाल नाई, सास भंवरीदेवी, देवर गणेश, ननद सावित्री के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए है। पीडिता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 12 नवंबर 2016 को आरोपी नरेंद्र के साथ हुआ। पीहर वालों ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया। आरापी उसे कम दहेज देकर समाज में नाक कटवा देने व पीहर वालों को भीखमंगे कहते हुए उसे प्रताड़ित किया। आरोपियों ने एक गाड़ी व पांच लाख रूपए की मांग की। ननद मीनाक्षी ने डरा धमका कर उसका आईफोन छीन लिया। पति व देवर नशे में बदसलूकी करते, भूखा रखते, मारपीट करते। 2024 में पति ने शराब के नशे में रात को पीड़िता को छत से गिराकर जान से मारने का प्रयास किया। 10 अप्रेल 2025 को दहेज की मांग करते हुए उसे मासूम बच्ची के साथ घर से निकाल दिया। 16 अप्रेल 2025 को आरोपियों ने माफी मांगते हुए आइंदा गलती नहीं करने का आश्वासन दिया व परिवादिया को पति के पास सिलोंग भेज दिया। आरोपी ने उसे धक्के देकर बच्ची के साथ निकाल दिया और पीड़िता अकेली ही गांव आ गई। कई बार पंचायती हुई, लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहें और उसका स्त्रीधन लौटोन से भी इंकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी है।



