May 20, 2026
6f4ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 दिसम्बर 2020। जमीन विवादों में लगातार परिवार एवं पड़ौसी आपस में टकरा रहे है। आए दिन हो रहे झगड़ों में जान माल के नुकसान के साथ श्रीडूंगरगढ़ थाने के रिकॉर्ड में आंकड़े भी बढ़ रहे है। जमीन विवाद को लेकर ऐसा ही टकराव देखने को मिला है तहसील के गांव इंदपालसर राईकान में। जहां दो पक्ष आपस में टकरा गए एवं दोनो पक्षों द्वारा अलग अलग मुकदमें दर्ज हुए है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि एक मामले में देबूराम राईका ने इसी गांव के राजूराम, रामेश्वरलाल व गिरधारीलाल राईका के खिलाफ परिवाद दी है। जिसमें उसने तीनों आरोपियों पर जमीनी रंजिश के कारण कुल्हाड़ी, लाठी, चौसांगी के साथ अपने घर में जबरन घुसने, गाली गलौच करने एवं मना करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मारपीट में आरोपी रामेश्वरलाल के वार से उसकी गर्भवती बहिन मंजू के जबाड़े में से चौसांगी का सींगा आर पार हो गया व वह लहूलुहान हो गई। मारपीट में परिवादी देबूराम व उसके भाई धर्माराम के भी हाथों, पैरों में चोटें आई है। वहीं इसी विवाद में बुधवार सुबह दूसरे पक्ष की और से परिवादी तुलछीदेवी ने पहले पक्ष के देवीलाल, हरिराम, गोमतीदेवी, धर्माराम के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट करने एवं लज्जाभंग करने, सोने के गहने छीन लेने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। दोनो पक्षों की और से अलग अलग दर्ज करवाए गए मुकदमों की जांच हैडकांस्टेबल सेवाराम को सौंपी गई है।